BREAKING:
August 26 2026 01:54 pm

Crackdown on stray dogs in Hapur : नगर पालिका का अभियान शुरू, पहले दिन 15 कुत्ते पकड़े गए

Post

India News Live,Digital Desk : हापुड़ नगर पालिका ने शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। बुधवार से शुरू हुए इस अभियान में नगर पालिका और ठेकेदार की संयुक्त टीम ने गांधी विहार, संजय विहार और सर्वोदय कॉलोनी जैसे इलाकों में जाकर कुत्तों को पकड़ा। पहले दिन काफी मशक्कत के बाद टीम केवल 15 कुत्तों को ही पकड़ पाई, क्योंकि टीम के पहुंचते ही कई कुत्ते भाग निकले।

यह अभियान पहले से जारी टेंडर के तहत शुरू किया गया है। करीब छह महीने पहले नगर पालिका ने कुत्तों की नसबंदी और बंदरों को पकड़ने के लिए टेंडर जारी किया था। बंदरों को पकड़ने का काम कुछ समय चला, लेकिन बाद में बंदर पिंजरे में आना बंद हो गए, जिससे वह अभियान रोकना पड़ा। वहीं कुत्तों की नसबंदी का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया था, जिसके कारण कई लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो रहे थे।

लोगों और सभासदों की लगातार मांग पर अब नगर पालिका ने कदम उठाया है। पकड़े गए कुत्तों को दिल्ली रोड स्थित पालिका के रैन बसेरे में बनाए गए अस्थायी अस्पताल में रखा जाएगा, जहां उनकी नसबंदी की जाएगी और स्वस्थ होने के बाद उन्हें वापस छोड़ा जाएगा।

नगर पालिका के ईओ संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में अभियान पुराने टेंडर के आधार पर चल रहा है और आगे की कार्रवाई शासन और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार होगी।