तू मेरा मैं तेरी मैं तेरा तू मेरी फिल्म में 90s हिट गाने का विवाद, विश्वात्मा के निर्देशक ने जताई नाराजगी
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-04 17:19:00
India News Live,Digital Desk : करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे स्टारर फिल्म तू मेरा मैं तेरी मैं तेरा तू मेरी इन दिनों विवादों में घिरती नजर आ रही है। फिल्म की रिलीज से पहले यह खबर चर्चा में है कि इसमें सात समंदर पार गाने की बीट्स बिना अनुमति के इस्तेमाल की गई हैं।
यह गीत 1991 में रिलीज हुई फिल्म विश्वात्मा का है, जिसे राजीव राय ने डायरेक्ट किया था। इस मूवी में सनी देओल, चंकी पांडे, दिव्या भारती और नसीरुद्दीन शाह ने मुख्य भूमिका निभाई थी। राजीव राय ने मिड-डे को दिए इंटरव्यू में कहा,
"अगर सच में सात समंदर पार गाने की बीट्स का इस्तेमाल हुआ है, तो मेकर्स को मेरी अनुमति लेनी चाहिए थी। आजकल पुराने गानों को दोबारा इस्तेमाल करना एक ट्रेंड बन गया है, लेकिन इससे पॉपुलर गीतों की असली मिठास खो जाती है।"
राजीव राय ने यह भी कहा कि सारेगामा कंपनी को लगता है कि गीत उनका है, और टीवी शो या परफॉर्मेंस के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन किसी फिल्म में इसे इस्तेमाल करने के लिए उनकी अनुमति जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रोटोकॉल का पालन न करने पर लीगल एक्शन भी हो सकता है।
फिल्म की रिलीज की बात करें तो तू मेरा मैं तेरी मैं तेरा तू मेरी 25 दिसंबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में आने वाली है।