भजनलाल शर्मा को हटाने की साजिश? गहलोत के आरोपों से राजस्थान की राजनीति में उबाल

Post

India News Live,Digital Desk : राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर गर्मी आ गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बड़ा दावा किया है कि मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को हटाने की तैयारी हो रही है। उनका कहना है कि यह साजिश सिर्फ राजस्थान में नहीं, बल्कि दिल्ली तक फैली हुई है।

जोधपुर दौरे पर आए अशोक गहलोत ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा को खुद भी नहीं पता कि उनके खिलाफ क्या-क्या योजनाएं बनाई जा चुकी हैं। गहलोत ने स्पष्ट किया कि वे उन पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, बल्कि उन्हें आगाह कर रहे हैं कि उन्हें सतर्क रहना चाहिए।

गहलोत ने कहा, "इतनी कम उम्र में और पहली बार विधायक बनते ही किसी को मुख्यमंत्री बना देना बहुत बड़ी बात है। इसे संभालकर रखना चाहिए। बार-बार मुख्यमंत्री बदलने से किसी का फायदा नहीं होता।"

गहलोत के इस बयान से प्रदेश में सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आपातकाल की वर्षगांठ मनाने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हुई सबसे बड़ी राजनीतिक घटना पर जश्न मनाना उचित नहीं है।

गहलोत ने कहा, "कांग्रेस ने आपातकाल की सजा भुगत ली थी। उसके बाद इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी। भाजपा अब भी उसी पुराने मुद्दे को भुनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।"

अपने तीन दिवसीय जोधपुर दौरे के दौरान आम लोगों से मुलाकात करते हुए अशोक गहलोत ने बीजेपी पर हिंदू-मुस्लिम के नाम पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने कभी धर्म के आधार पर राजनीति नहीं की। हमनें हमेशा शांति और भाईचारे का समर्थन किया है। हिंसा को कभी बढ़ावा नहीं दिया।"

गहलोत के इन बयानों से यह साफ हो गया है कि राजस्थान की राजनीति में आने वाले दिनों में सियासी पारा और चढ़ सकता है।