CJI गवई बोले – दशकों तक चलने वाले मुकदमे देश की न्याय प्रणाली की गंभीर चुनौती
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-12 17:17:00
India News Live,Digital Desk : सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई ने शनिवार को भारत की न्याय प्रणाली में मौजूद गंभीर चुनौतियों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश का लीगल सिस्टम कई बड़ी समस्याओं से जूझ रहा है, जिन्हें अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
CJI गवई हैदराबाद की नालसर यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ में एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने न्याय प्रक्रिया में आने वाली देरी और लंबे समय तक चलने वाले मुकदमों की ओर ध्यान दिलाया।
उन्होंने कहा, "हमारी न्याय व्यवस्था कई बार इतनी धीमी हो जाती है कि एक मुकदमा दशकों तक चलता रहता है। कई बार तो ऐसा होता है कि कोई व्यक्ति वर्षों तक जेल में रहता है और अंत में वह निर्दोष साबित होता है। इस स्थिति को बदलना बेहद जरूरी है। देश के युवा और प्रतिभाशाली लोग इस सिस्टम में बदलाव ला सकते हैं।"
मुख्य न्यायाधीश ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे विदेश जाकर पढ़ाई करें, लेकिन कोशिश करें कि वह पढ़ाई अपने माता-पिता के पैसों से नहीं बल्कि स्कॉलरशिप के जरिए हो। उन्होंने छात्रों में समाज के लिए कुछ करने की भावना भी जगाई।
इस कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पीएस नरसिम्हा और तेलंगाना हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।