पाकिस्तान को बड़ा झटका, चीन नहीं करेगा रेलवे नेटवर्क में निवेश
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-06 15:36:00
India News Live,Digital Desk : चीन ने पाकिस्तान की एक बेहद अहम रेलवे परियोजना से किनारा कर लिया है। इसके बाद पाकिस्तान ने इस बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए एशियाई विकास बैंक (ADB) से मदद मांगी है। यह वही परियोजना है जिसे चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) का सबसे अहम हिस्सा माना जाता था।
यह खबर सीपीईसी की मूल योजना में बड़े बदलाव का संकेत देती है। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने पहले पाकिस्तान में ऊर्जा और परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग 60 अरब डॉलर (करीब 5.28 लाख करोड़ रुपये) निवेश का वादा किया था। इन योजनाओं में सबसे बड़ी परियोजना एमएल-1 रेलवे अपग्रेडेशन थी, जो कराची से पेशावर तक करीब 1,800 किलोमीटर लंबी है।
इस परियोजना को पूरे सीपीईसी का आधार स्तंभ कहा जा रहा था, लेकिन लगभग एक दशक तक चलने वाली बातचीत के बावजूद इसकी फंडिंग शुरू नहीं हो पाई। अब उम्मीद जताई जा रही है कि एडीबी इस प्रोजेक्ट में फंडिंग करेगा। यह पहली बार होगा जब पाकिस्तान किसी ऐसी योजना को एक बहुपक्षीय बैंक को सौंप रहा है, जिसे कभी चीन की ‘बेल्ट एंड रोड’ पहल का बड़ा हिस्सा माना जाता था।
चीन के पीछे हटने की वजह
रिपोर्ट्स बताती हैं कि चीन का यह कदम अचानक नहीं है। पाकिस्तान की कमजोर होती अर्थव्यवस्था और कर्ज चुकाने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए चीन ने एमएल-1 परियोजना से हाथ खींचने का निर्णय लिया।
इसके अलावा, बिजली क्षेत्र में पहले से हो चुके अरबों डॉलर के चीनी निवेश पर भी रिटर्न को लेकर चिंता बढ़ रही है। यही कारण है कि चीन अब उन देशों में बड़े पैमाने पर निवेश से पीछे हट रहा है, जहां निवेश की वापसी को लेकर जोखिम ज्यादा है।