धुरंधर में रणवीर सिंह के अपोजिट क्यों चुनी गईं सारा अर्जुन? कास्टिंग डायरेक्टर ने किया खुलासा
India News Live,Digital Desk : आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 5 दिसंबर को रिलीज़ हुई और रिलीज़ के बाद से ही फिल्म की कास्ट की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ हो रही है। रणवीर सिंह और सारा अर्जुन के बीच उम्र के 20 साल के अंतर ने सोशल मीडिया पर फिल्म रिलीज़ से पहले ही चर्चा का विषय बना दिया था। अब कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने इस पर अपना पक्ष रखा है और बताया कि क्यों सारा अर्जुन को रणवीर सिंह के अपोजिट कास्ट किया गया।
उम्र के अंतर पर कास्टिंग डायरेक्टर का जवाब
मुकेश छाबड़ा ने इंटरव्यू में कहा, “कहानी के हिसाब से यह उम्र का अंतर जरूरी था। अगले साल रिलीज़ होने वाले धुरंधर 2 में लोग इस सवाल का जवाब पाएंगे। हमें पता था कि कहानी के अनुसार हमें एक ऐसी लड़की चाहिए जो लगभग 20-21 साल की हो। इसके अलावा, लोगों के कमेंट्स पढ़कर मुझे हंसी भी आई क्योंकि फिल्म की कहानी के अनुसार यह बिलकुल सही है।”
उन्होंने आगे बताया, “हमारे पास 26-27 साल की उम्र के कई अच्छे एक्टर्स थे, लेकिन कहानी के लिए यह उम्र का फासला जरूरी था। हर बात को सबको समझा नहीं सकते।”
1300 ऑडिशन के बाद चुनी गईं सारा अर्जुन
मुकेश छाबड़ा ने बताया कि इस रोल के लिए 1300 लड़कियों का ऑडिशन लिया गया। सारा अर्जुन को इसलिए चुना गया क्योंकि वह फ्रेश लगती थीं और उनके अंदर एक्टिंग का टैलेंट स्पष्ट था। मुकेश ने कहा, “मैं कई सालों से सारा के साथ काम कर रहा हूं। जब उसने ऑडिशन दिया, तो उसके प्यारे चेहरे के पीछे छिपा टैलेंट साफ दिखा। वह बहुत शानदार एक्टर हैं, जिसे आप पार्ट 2 में देख पाएंगे।”
धुरंधर की स्टारकास्ट
धुरंधर में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं, साथ में सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और आर. माधवन हैं। फिल्म के मेकर्स ने सीक्वल धुरंधर 2 की रिलीज़ की तारीख भी घोषित कर दी है। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।