नोएडा में मेट्रो जॉब के नाम पर 2.31 लाख की ठगी, छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-13 16:51:00
India News Live,Digital Desk : नोएडा में मेट्रो आपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 2 लाख 31 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कंकरखेड़ा के डी-231 रामनगर गली नंबर दो निवासी दीपक राज आनंद ने छह लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
दीपक ने बताया कि उसने जेएमडी कंसल्टेंट्स, सेक्टर-10, नोएडा में मेट्रो आपरेटर की नौकरी के लिए आवेदन किया था। फरवरी 2024 से अब तक उसे लगभग 2 लाख 31 हजार 683 रुपये की ठगी हुई है।
पीड़ित का मेडिकल और साइको टेस्ट भी फाइनल हो चुका था और उसका नाम मेरिट लिस्ट में भी शामिल था। फरवरी से ही वह दो बार ट्रेनिंग भी जा चुका है। हाल ही में उसे एक व्यक्ति का कॉल आया, जिसने जेएमडी कंपनी के ऑफिस से बात करने का दावा किया और जॉइनिंग लेटर के लिए 40 हजार रुपये मांग लिए। जब दीपक ने पैसे देने से इंकार किया, तो आरोपितों ने कॉल करना बंद कर दिया।
दीपक ने छह लोगों—पुष्पेंद्र, गुलफाम, सत्यवीर, राजेश, राजकुमार और आरती—को नामजद करते हुए ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।