आशियाना में कार से बच्चों को टक्कर, सीसीटीवी से खुला राज, आठ दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-19 17:37:00
India News Live,Digital Desk : लखनऊ के आशियाना सेक्टर-आई में एक बड़ी लापरवाही भरा हादसा हुआ, जब घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को हल्की चोटें आईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का गेट भी टूट गया।
घटना के दौरान कार मोहल्ले के निवासी सीएल वर्मा का बेटा शिवांश चला रहा था। टक्कर के बाद बचाव के लिए उसके पिता खुद ड्राइविंग सीट पर जाकर बैठ गए और पड़ोसियों व लोगों को समझाने लगे कि बच्चे अचानक कार के सामने आ गए थे। लेकिन सच सामने तब आया, जब यह पूरा हादसा पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, हादसे के बाद तुरंत पुलिस में तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने में ढिलाई बरती। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया गया।
पीड़ित बच्चे शौविक पांडे को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी कॉलर बोन और पसलियां टूट गईं, और उसे तीन दिन तक आईसीयू में भर्ती रहना पड़ा। परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष न केवल गलती मानने को तैयार नहीं है, बल्कि उन्हें समझौते और धमकियों से चुप कराने की कोशिश भी कर रहा है।
पीड़ित हरिद्वार पांडे का कहना है कि पुलिस ने भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई और तहरीर बदलवाने तक का दबाव बनाया। हालांकि पुलिस का दावा है कि उन्हें जैसे ही तहरीर मिली, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा और उसके बाद की घटनाएं यह सवाल उठाती हैं कि सड़क पर लापरवाही के साथ-साथ पुलिस की सुस्ती कितनी बड़ी समस्या है।