Firing at Kapil Sharma's cafe exposed : सलमान खान को शो में बुलाने पर बिश्नोई गैंग की धमकी

Post

India News Live,Digital Desk : कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट पर हुई फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे बिश्नोई गैंग का हाथ है, और इसकी वजह कपिल का सलमान खान से जुड़ाव है।

दरअसल, लॉरेंस ग्रुप के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें उसने साफ कहा है — "जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे मार दिया जाएगा।" इस धमकी ने न सिर्फ कपिल शर्मा बल्कि पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री में खौफ पैदा कर दिया है।

कपिल के कैफ़े पर गोलीबारी की वजह

सूत्रों के मुताबिक, कपिल शर्मा ने अपने नेटफ्लिक्स शो "द ग्रेट इंडियन कपिल शो" सीज़न 2 के पहले एपिसोड में सलमान खान को गेस्ट के तौर पर बुलाया था। बिश्नोई गैंग को यह बात नागवार गुज़री और बदला लेने के लिए उन्होंने कपिल के कैफ़े पर फायरिंग करवाई। ऑडियो में हैरी बॉक्सर ने चेतावनी दी — “अगली बार कोई सलमान के साथ काम करेगा तो सीधे सीने पर गोली मारी जाएगी।”

पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को धमकी

हैरी बॉक्सर ने बॉलीवुड के निर्माताओं, निर्देशकों और कलाकारों को भी धमकाया। उसने कहा कि चाहे बड़ा कलाकार हो या छोटा, अगर वह सलमान खान के साथ काम करेगा, तो उसे मौत के घाट उतार दिया जाएगा। उसने यहां तक कहा कि मुंबई का माहौल ऐसा बना देंगे कि किसी ने सोचा भी नहीं होगा।

सलमान और लॉरेंस बिश्नोई की दुश्मनी

सलमान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की दुश्मनी पुरानी है। काला हिरण शिकार मामले के बाद से बिश्नोई गैंग सलमान को अपना दुश्मन मानता है। सालों से अभिनेता पर हमले की कोशिशें हो चुकी हैं, यहां तक कि उनके घर पर भी गोलीबारी हो चुकी है। लॉरेंस की शर्त है कि सलमान सार्वजनिक तौर पर उनके समुदाय से माफी मांगे।

सलमान की प्रतिक्रिया

इन धमकियों के बावजूद सलमान खान अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं। उनकी सुरक्षा पहले से भी ज्यादा कड़ी कर दी गई है, वह बुलेटप्रूफ कारों में चलते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा — “सब कुछ भगवान और अल्लाह के हाथ में है, जो उम्र लिखी है, वही मेरे लिए है।”