BREAKING:
May 02 2026 09:17 pm

Big relief for electricity consumers in Uttar Pradesh : प्रीपेड मीटर का बैलेंस खत्म होने पर तीन दिन तक नहीं कटेगी बिजली

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर इस्तेमाल कर रहे बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब अगर घर में लगे प्रीपेड मीटर का बैलेंस खत्म भी हो जाता है तो तुरंत बिजली नहीं कटेगी। उपभोक्ताओं को तीन दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा, इस दौरान बिजली सप्लाई जारी रहेगी। यह व्यवस्था 16 जनवरी 2026 को जारी आदेश के साथ तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

मध्यांचल में लागू हुई नई व्यवस्था
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने अपने अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में इस आदेश को लागू कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत छुट्टी के दिनों में भी बिजली नहीं काटी जाएगी। इसके लिए विभाग ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी एसओपी जारी की है, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।

अब बैलेंस खत्म होने पर तुरंत नहीं जाएगी बिजली
अब तक जैसे ही प्रीपेड मीटर का बैलेंस खत्म होता था, बिजली सप्लाई अपने आप बंद हो जाती थी। इसके बाद उपभोक्ताओं को जल्दबाजी में रिचार्ज कराना पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत तीन दिन का इमरजेंसी क्रेडिट मिलेगा। इस दौरान जो बिजली खर्च होगी, वह निगेटिव बैलेंस में जुड़ती जाएगी और रिचार्ज होते ही उतनी रकम पहले काट ली जाएगी।

लखनऊ के लाखों उपभोक्ताओं को फायदा
16 जनवरी को जारी एसओपी में प्रीपेड मीटर धारकों के लिए कई नई सुविधाएं शामिल की गई हैं। इस फैसले से राजधानी लखनऊ में ही दो लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। आने वाले समय में यह सुविधा अन्य जिलों में भी राहत देने वाली साबित होगी।

इन समयों और दिनों में नहीं कटेगी बिजली
आदेश में साफ कहा गया है कि बकाएदार उपभोक्ताओं की बिजली शाम छह से रात आठ बजे के बीच नहीं काटी जाएगी। इसके अलावा हर महीने के दूसरे शनिवार और हर रविवार को भी बिजली कटौती नहीं होगी। अगर तीन दिन की इमरजेंसी क्रेडिट अवधि के बाद शनिवार, रविवार या कोई सार्वजनिक अवकाश पड़ता है, तब भी बिजली सप्लाई जारी रहेगी। हालांकि यह अवधि खत्म होते ही बिजली काटी जा सकेगी।

दोपहर 12 बजे तक ही हो सकेगी कटौती
एसओपी के अनुसार जिन स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं का बैलेंस खत्म हो चुका है और उन्होंने रिचार्ज नहीं कराया है, उनकी बिजली केवल सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे के बीच ही काटी जा सकेगी। इसका मकसद यह है कि उपभोक्ताओं को रिचार्ज कराने और कनेक्शन दोबारा जोड़ने में आसानी हो।

एजेंसियों को मिलेगी छुट्टियों की सूची
स्मार्ट प्रीपेड मीटर की निगरानी करने वाली एजेंसियों को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम सार्वजनिक अवकाश की सूची भी उपलब्ध कराएगा। इसी तरह अन्य डिस्कॉम भी इसी व्यवस्था को अपनाएंगे। विभाग की योजना है कि अगले एक साल में प्रदेश के हर जिले में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएं।