Bhai Dooj 2025 : जानिए शुभ मुहूर्त और तिलक लगाने की परंपरा, भाई-बहन के रिश्ते की खास कहानी

Post

India News Live,Digital Desk : भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और रिश्तों की मिठास को दर्शाता है। इस दिन बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। इसके साथ ही वे भाई को सूखा नारियल भी देती हैं, और बदले में भाई उन्हें उपहार देकर अपना स्नेह जताते हैं।

इस वर्ष भाई दूज 23 अक्टूबर 2025 को मनाई जाएगी। खास बात यह है कि इस दिन यमराज और यमुना की पूजा का भी विधान है। आइए जानते हैं भाई दूज के दिन तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त।

भाई दूज का शुभ मुहूर्त 2025

कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 22 अक्टूबर की रात 8:16 बजे से शुरू होकर 23 अक्टूबर की रात 10:46 बजे तक रहेगी। इस आधार पर भाई दूज का पर्व 23 अक्टूबर को मनाया जाएगा।

तिलक लगाने का शुभ समय:
दोपहर 1:13 बजे से दोपहर 3:28 बजे तक

भाई दूज और यमराज-यमुना की कथा

पौराणिक कथाओं के अनुसार, यमराज की बहन यमुना ने एक बार उन्हें अपने घर भोजन के लिए बुलाया। यमराज ने आमंत्रण स्वीकार किया और कार्तिक शुक्ल द्वितीया को अपनी बहन के घर पहुंचे। यमुना ने उनका आदर-सत्कार बड़े ही प्रेम से किया, जिससे यमराज बहुत प्रसन्न हुए।

विदा लेते समय यमुना ने यमराज को एक नारियल का गोला भेंट किया। जब यमराज ने इसका कारण पूछा, तो यमुना ने कहा कि यह नारियल हमेशा उन्हें मेरी याद दिलाता रहेगा।

यहीं से भाई दूज पर भाई को नारियल देने की परंपरा शुरू हुई। इसके साथ ही यमराज ने वचन दिया कि जो बहन अपने भाई को तिलक लगाकर नारियल देगी, उसे और उसके भाई को अकाल मृत्यु का भय कभी नहीं सताएगा।