ब्रिटेन में मुहम्मद यूनुस की प्रस्तावित बैठकों पर बांग्लादेश की अवामी लीग ने जताई आपत्ति
India News Live, Digital Desk: बांग्लादेश की अवामी लीग ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर और अंतरिम सरकार के कथित प्रमुख मुहम्मद यूनुस के बीच संभावित बैठक पर सख्त आपत्ति जताई है। पार्टी ने इस पर चिंता जताते हुए कहा है कि ऐसी कोई भी औपचारिक बैठक एक गैर-निर्वाचित और असंवैधानिक ढांचे को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिला सकती है, जो बांग्लादेश के संवैधानिक ढांचे के खिलाफ है।
अवामी लीग की ब्रिटेन शाखा ने डाउनिंग स्ट्रीट, हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर, किंग्स फाउंडेशन और कामनवेल्थ सचिवालय को एक औपचारिक पत्र भेजा है। इसमें ब्रिटिश प्रशासन से आग्रह किया गया है कि वे मुहम्मद यूनुस को आधिकारिक दर्जा देकर बांग्लादेश के संवैधानिक संकट को और गहरा न करें।
बताया जा रहा है कि मुहम्मद यूनुस 10 से 13 जून के बीच ब्रिटेन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनके किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात और प्रधानमंत्री स्टार्मर के साथ द्विपक्षीय बातचीत की संभावना जताई गई है। यूनुस ने हाल ही में यह घोषणा की थी कि बांग्लादेश में अगले आम चुनाव अप्रैल 2026 में कराए जाएंगे।
वहीं, दूसरी ओर यह चर्चा भी है कि शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के अगस्त 2024 में हटने के बाद बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान पहले ही संकेत दे चुके हैं कि दिसंबर 2025 तक चुनाव कराए जाने चाहिए।
इस पूरे विवाद के बीच यह भी सामने आया है कि ब्रिटेन की पूर्व मंत्री ट्यूलिप सिद्दीक की ओर से यूनुस को भेजा गया कोई औपचारिक पत्र बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार कार्यालय को अब तक नहीं मिला है। ट्यूलिप ने कथित तौर पर लंदन में यूनुस से मिलने की इच्छा जताई थी ताकि उनके खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर सफाई दी जा सके। हालांकि, यूनुस कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उन्हें ऐसा कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है।