Asia Cup 2025 : हरभजन सिंह ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर जताई नाराज़गी, देश को रखा पहले

Post

India News Live,Digital Desk : एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने वाली है और भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। लेकिन दोनों देशों के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव के चलते इस मैच के बहिष्कार की मांग जोर पकड़ रही है। पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि देश की भलाई पहले है और उन्होंने सुझाव दिया कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया को भी पड़ोसी देश के खिलाफ खेलने से इनकार करना चाहिए।

हरभजन सिंह ने इस बारे में कहा, “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।” उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर भी कटाक्ष किया और कहा कि हमारे जवान देश की रक्षा के लिए बलिदान देते हैं, कई बार घर वापस नहीं लौट पाते, फिर भी हम क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं।

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ग्रुप ए में ओमान, यूएई और पाकिस्तान के साथ है, जबकि अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हांगकांग और श्रीलंका ग्रुप बी का हिस्सा हैं।

हरभजन सिंह पहले भी वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तान चैंपियन के खिलाफ ग्रुप-स्टेज और सेमीफाइनल मैच खेलने से इनकार किया था। उस टीम में शिखर धवन, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना और यूसुफ पठान जैसे दिग्गज शामिल थे।