असीम मुनीर का फिर अमेरिकी दौरा, शीर्ष सैन्य अधिकारियों संग सुरक्षा और व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-11 16:18:00
India News Live,Digital Desk : भारत और अमेरिका के बीच जहां व्यापारिक रिश्तों में तनाव बना हुआ है, वहीं पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर लगातार अमेरिका के साथ अपने संबंध मजबूत करने में लगे हैं। दो महीने से भी कम समय में यह उनका दूसरा अमेरिकी दौरा है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मुनीर ने अमेरिकी ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ जनरल जॉन डैन कैन से मुलाकात की और उन्हें पाकिस्तान आने का न्योता दिया। इस बातचीत में दोनों देशों के साझा व्यापारिक हितों और सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
मुनीर ने उस समारोह में भी शिरकत की, जिसमें अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कमांडर जनरल माइकल ई. कुरिल्ला ने सेवानिवृत्ति ली और एडमिरल ब्रैड कूपर ने कमान संभाली। इस मौके पर उन्होंने साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग जारी रखने पर जोर दिया।
गौर करने वाली बात यह है कि महज़ कुछ हफ्ते पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस में निजी लंच के लिए आमंत्रित किया था।
पाकिस्तान के सबसे प्रभावशाली शख्सियत माने जाने वाले जनरल मुनीर विदेश नीति, आंतरिक राजनीति और अर्थव्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसलों में अंतिम भूमिका निभाते हैं। बीते कई दशकों की तनातनी के बाद अब अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्तों में धीरे-धीरे सुधार दिखाई दे रहा है।