नेहा कक्कड़ का ‘कैंडी शॉप’ रिलीज होते ही विवादों में, डांस और लिरिक्स पर भड़के फैंस
India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ का हर नया गाना रिलीज होते ही चर्चा में आ जाता है। एक गाने की लोकप्रियता कम भी नहीं होती कि उससे पहले उनका अगला ट्रैक सामने आ जाता है। ‘कोका कोला’ के बाद अब नेहा कक्कड़ अपना नया गाना ‘लॉलीपॉप – कैंडी शॉप’ लेकर आई हैं, जिसे दो दिन पहले ही यूट्यूब पर रिलीज किया गया है।
हालांकि गाना रिलीज होते ही तेजी से वायरल हो गया, लेकिन इसके लिरिक्स और डांस स्टेप्स को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त विवाद खड़ा हो गया है। कई यूजर्स ने गाने को अश्लील बताते हुए नेहा कक्कड़ पर भारतीय संस्कृति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
यूट्यूब पर आते ही ट्रेंड करने लगा ‘कैंडी शॉप’
‘लॉलीपॉप – कैंडी शॉप’ रिलीज होते ही यूट्यूब पर छा गया है। महज दो दिनों में इस गाने को 22 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इसके साथ ही यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी ट्रेंड कर रहा है और फिलहाल 19वें स्थान पर बना हुआ है।
इस गाने में नेहा कक्कड़ के साथ उनके छोटे भाई और सिंगर टोनी कक्कड़ भी नजर आ रहे हैं। टोनी ने ही इस गाने को प्रोड्यूस किया है। गाने में मराठी शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है, लेकिन ‘लॉलीपॉप’ शब्द की बार-बार दोहराव के चलते कई लोगों को इसके लिरिक्स समझ ही नहीं आ रहे हैं।
डांस स्टाइल को लेकर बढ़ा विवाद
गाने को देखने के बाद कई यूजर्स ने आरोप लगाया है कि नेहा कक्कड़ ने इसमें सेलेना गोमेज और कोरियन सिंगर्स के स्टाइल की नकल की है। खासतौर पर उनके डांस स्टेप्स को लेकर लोगों का गुस्सा सामने आया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने तो उनकी तुलना ढिंचैक पूजा तक से कर दी है।
सोशल मीडिया पर जमकर हुई ट्रोलिंग
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा,
“नेहा कक्कड़ ये क्या कर रही हैं? भारतीय संस्कृति को किस दिशा में ले जा रही हैं। आज के युवा इससे क्या सीखेंगे?”
वहीं दूसरे यूजर ने लिखा,
“ये गाना और वीडियो बेहद पथेटिक और शेमलेस है।”
एक अन्य यूजर ने नेहा कक्कड़ की लुक को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा,
“नेहा कक्कड़ ये क्या लेकर आई हैं। क्या उन्होंने खुद को छोटा दिखाने के लिए सर्जरी करवाई है? वह फेक कोरियन बनने की कोशिश कर रही हैं। न तो इंडियन लग रही हैं और न ही कोरियन। शादीशुदा महिला को ऐसे गाने नहीं करने चाहिए।”
टोनी कक्कड़ को भी नहीं छोड़ा यूजर्स ने
गाने को लेकर नेहा कक्कड़ के साथ-साथ टोनी कक्कड़ भी ट्रोलिंग का शिकार हो गए हैं। यूट्यूब पर कई यूजर्स ने मजाक उड़ाते हुए टोनी को ‘नए लॉलीपॉप बिजनेस’ के लिए बधाई तक दे डाली।
एक यूजर ने लिखा,
“इस गाने को देखने के बाद ‘कोका कोला’ गाने के लिए इज्जत बढ़ गई है।”
दूसरे ने तंज कसते हुए कहा,
“क्या अब इससे भी नीचे म्यूजिक गिर सकता है?”
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा,
“भैया नए बिजनेस के लिए बहुत-बहुत मुबारकबाद।”