Airstrike in Pakistan :अपने ही नागरिकों पर बरसी पाकिस्तानी वायुसेना, 30 की मौत
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-23 00:31:00
India News Live,Digital Desk : पाकिस्तान में हालात दिनों-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की तिराह घाटी से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे देश को हिला दिया। रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तानी वायुसेना ने अपने ही नागरिकों पर हवाई हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 30 लोगों की जान चली गई।
क्या हुआ था तिराह घाटी में?
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार देर रात करीब 2 बजे पाकिस्तानी वायुसेना के जे-17 लड़ाकू विमानों से तिराह घाटी के मत्रे दारा गांव पर आठ एलएस-6 बम गिराए गए। सेना का दावा था कि यह कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ की गई थी, लेकिन बम सीधे आम नागरिकों के घरों पर गिरे।
नागरिक बने निशाना
धमाकों में 30 नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में मृतकों में महिलाओं और बच्चों के शव भी दिखाई दे रहे हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, कई घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर शवों की तलाश में जुटा हुआ है।
चीनी हथियारों का इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, इस हमले में पाकिस्तानी वायुसेना ने चीन निर्मित जे-17 लड़ाकू विमान और बमों का इस्तेमाल किया। घटना के बाद अब तक पाकिस्तानी सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे सरकार और सेना की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं।