BREAKING:
September 03 2026 01:02 pm

मुंबई की मूसलाधार बारिश में डूबा अमिताभ बच्चन का बंगला, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

Post

India News Live,Digital Desk : मुंबई में हुई भारी बारिश ने लोगों की ज़िंदगी को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाके पानी में डूब गए हैं और आम लोग, साथ ही फिल्मी सितारे, भी इससे परेशान हैं। सोशल मीडिया पर मुंबई के जलमग्न वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। इनमें सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले 'प्रतीक्षा' की तस्वीरें भी शामिल हैं।

अमिताभ बच्चन के बंगले में भी बारिश का पानी घुस गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बंगले के चारों तरफ पानी ही पानी है। एक व्यक्ति वीडियो में बंगले के बाहर और परिसर में जलभराव की स्थिति दिखाते हुए कह रहा है कि करोड़ों रुपये होने के बावजूद इस बारिश से कोई सुरक्षित नहीं है। वीडियो में यह भी दिखाया गया कि अमिताभ बच्चन खुद पानी हटाने के लिए वाइपर का इस्तेमाल कर रहे थे।

यह बंगला बिग बी ने साल 1976 में खरीदा था और इसका नाम उनके पिता हरिवंश राय बच्चन के नाम पर रखा गया। 'प्रतीक्षा' वही घर है जहाँ उनकी बेटी श्वेता और बेटे अभिषेक का जन्म हुआ था। अब अमिताभ बच्चन इस बंगले को अपनी बेटी श्वेता को दे चुके हैं और वह खुद अपने दूसरे बंगले 'जलसा' में रहते हैं। इन दिनों वह अपने शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) सीजन 17 को लेकर चर्चा में हैं।