BREAKING:
August 26 2026 12:05 am

अमिताभ बच्चन ने खोला राज: जया बच्चन के गुस्से से बचने के लिए अपनाते हैं यह मजेदार तरकीब

Post

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने पॉपुलर रियलिटी टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) में न केवल अपने ज्ञान और अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं, बल्कि शो के दौरान अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े मजेदार किस्से भी शेयर करते नजर आते हैं। शो के आगामी एपिसोड में कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा, जहां अमिताभ ने एक ऐसी तरकीब का खुलासा किया है जिसे वह पिछले कई सालों से अपनी पत्नी जया बच्चन के गुस्से से बचने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।

देर रात घर लौटने पर ऐसे बचते हैं गुस्से से

शो के दौरान हॉटसीट पर बैठी कंटेस्टेंट प्रीतिराज के साथ बातचीत के दौरान माहौल तब दिलचस्प हो गया जब बातों-बातें में पर्सनल सवाल अमिताभ बच्चन की तरफ घूम गया। इस पर बिग बी ने बड़े ही मजाकिया अंदाज में बताया कि जब उन्हें शूटिंग के चलते घर लौटने में देर हो जाती है, तो वह पत्नी जया बच्चन की नाराजगी से बचने के लिए पहले से ही क्या तैयारी करते हैं।

परिवार को पहले ही भेज देते हैं मैसेज

अमिताभ बच्चन ने शो पर खुलासा किया कि वह इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए एक बहुत ही स्मार्ट तरीका अपनाते हैं। उन्होंने बताया, "देखिए, हमें पहले से पता होता है कि आज का शेड्यूल कैसा रहने वाला है। ऐसे में हम सुबह उठते ही अपने परिवार के सदस्यों के ग्रुप में एक मैसेज डाल देते हैं। हम हाथ जोड़कर नमस्कार करते हैं और लिख देते हैं कि आज हमारी शूटिंग इस तरफ है, इसलिए घर लौटने में देर हो जाएगी। इस वजह से कोई भी हमारे खाने का इंतजार न करे।"

खुद ही संभालते हैं घर के छोटे-मोटे काम

बिग बी ने आगे बताया कि अगर पहले से जानकारी दे दी जाए तो घर पर सबको पता रहता है और नाराजगी की गुंजाइश कम हो जाती है। हालांकि, अगर कभी ऐसा न हो पाए तो घर के नियम के मुताबिक लोग अपना खाना खाकर सो जाते हैं। बातचीत के दौरान जब कंटेस्टेंट ने पूछा कि क्या घर पर स्टाफ या नौकरों की गैरमौजूदगी में वह खुद छोटे-मोटे काम संभालते हैं, तो अमिताभ ने सहजता से स्वीकार किया कि जरूरत पड़ने पर वह हर काम खुद करते हैं, हालांकि उन्हें खाना बनाना नहीं आता है। केबीसी के मंच पर बिग बी का यह अंदाज दर्शकों को काफी गुदगुदा रहा है।