अमेरिकी टैरिफ से भारतीय निर्यातकों पर संकट, वॉलमार्ट-अमेज़न ने रोक दिए ऑर्डर

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिका द्वारा भारत से आयातित वस्तुओं पर 50% टैरिफ लगाने के बाद, अमेरिकी रिटेल दिग्गज वॉलमार्ट और अमेज़न ने भारतीय ऑर्डर लेना बंद कर दिया है। इस फैसले से भारतीय निर्यातक चिंतित हैं, क्योंकि टैरिफ की वजह से ऑर्डर प्रभावित होने और लागत में 30-35% तक बढ़ोतरी की आशंका है।

सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी खरीदारों ने भारतीय निर्यातकों को ईमेल और पत्र भेजकर फिलहाल कपड़ों की शिपमेंट रोकने के निर्देश दिए हैं। इससे अमेरिका को जाने वाले कपड़ों के ऑर्डर पर बड़ा असर पड़ सकता है।

भारत के प्रमुख निर्यातक—वेलस्पन लिविंग, गोकलदास एक्सपोर्ट्स, इंडो काउंट और ट्राइडेंट—अपना 40% से 70% सामान अमेरिका में बेचते हैं। लेकिन टैरिफ बढ़ने के कारण इनका व्यापार 40% से 50% तक घट सकता है। कपड़ा निर्यात में अमेरिका भारत का सबसे बड़ा बाजार है, लेकिन अब ऑर्डर बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों की ओर शिफ्ट होने की संभावना है।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50% टैरिफ लगाया है, जबकि बांग्लादेश और वियतनाम पर यह सिर्फ 20% है। भारत ने इस कदम को अनुचित बताते हुए विरोध किया है, लेकिन ट्रंप अपने फैसले पर कायम हैं। जब तक कोई नया व्यापारिक समझौता नहीं होता, स्थिति में सुधार की संभावना कम है।