स्पेन में दोस्त की शादी में ब्राइड्समेड बनीं आलिया भट्ट, ब्लैक गाउन में ढाया कहर
India News Live,Digital Desk : कांस फिल्म फेस्टिवल में अपने ग्लैमरस अंदाज़ से लोगों का दिल जीतने के बाद, आलिया भट्ट सीधे स्पेन पहुंचीं अपनी खास दोस्त तान्या साहा गुप्ता की शादी में शरीक होने। यहां आलिया न सिर्फ एक मेहमान बनीं बल्कि ब्राइड्समेड की ज़िम्मेदारी भी निभाईं और हर पल को खुलकर जिया।
शादी समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें आलिया बेहद खूबसूरत लग रही हैं। ब्लैक स्ट्रैपलेस गाउन में उनका लुक हर किसी का ध्यान खींच रहा है। सॉफ्ट मेकअप, ब्लैक ईयररिंग्स और स्टाइलिश हेयर बन के साथ उन्होंने पूरे लुक को बेहद ग्रेसफुल बनाया।
एक तस्वीर में आलिया दुल्हन तान्या के पीछे अन्य ब्राइड्समेड्स के साथ खड़ी नज़र आ रही हैं। उनके हाथ में सफेद छाता और फूल थे, और चेहरे पर सजी मुस्कान उन्हें एकदम फिल्मी ब्राइड्समेड बना रही थी। एक अन्य वीडियो में देखा गया कि जैसे ही दुल्हन सामने आई, आलिया और उनकी सहेलियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
इस शादी के पहले, आलिया तान्या की ट्रेडिशनल इंडियन वेडिंग में भी शामिल हुई थीं। वहां उन्होंने सफेद ब्रालेट, लॉन्ग ब्लेज़र और क्रीम स्कर्ट पहना था। वहीं प्री-वेडिंग फंक्शन में उनका बोहो-चिक अवतार, लहंगे के साथ स्टाइलिश बंदना और सनग्लासेज़ में, सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया गया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया जल्द ही यशराज फिल्म्स की पहली फीमेल स्पाई फिल्म 'अल्फा' में शरवरी वाघ के साथ नजर आएंगी, जो क्रिसमस पर रिलीज़ होने वाली है। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी।