BREAKING:
September 03 2026 12:15 pm

आने वाले दिनों में देशभर में बारिश का दौर, कई राज्यों में अलर्ट जारी, जानें आपके इलाके का मौसम पूर्वानुमान

Post

India News Live,Digital Desk : देश के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों मानसून पूरी रफ्तार पर है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक झमाझम बारिश हो रही है, जिसकी वजह से कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले सात दिनों तक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके अलावा, 13 से 16 अगस्त के बीच पूर्वी-मध्य भारत के उत्तरी इलाकों और प्रायद्वीपीय भारत में भी बारिश बढ़ने की संभावना है। आइए जानते हैं, आपके शहर और राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज कैसा रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर
राजधानी दिल्ली में दो दिन की बारिश के बाद आज धूप निकल आई है। मौसम विभाग का कहना है कि 10 अगस्त की देर रात तक हल्की बारिश हो सकती है। 11 और 12 अगस्त को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तापमान अधिकतम 29 और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहेगा।

उत्तर प्रदेश
राज्य के कई हिस्सों में आज हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई, लेकिन अगले दो दिन बारिश का अनुमान नहीं है। मौसम में बदलाव के चलते 13 और 14 अगस्त को पूर्वी यूपी के वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, मऊ, कुशीनगर और संत कबीर नगर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 13 और 15 अगस्त को पश्चिमी यूपी के मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद और बरेली में बारिश का अनुमान है।

बिहार, ओडिशा, बंगाल और सिक्किम
बिहार में 10 से 13 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 12 से 14 अगस्त के बीच बारिश का दौर रहेगा। वहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 और 12 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट दिया है और लोगों को फिसलन वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।

हिमाचल प्रदेश
हिमाचल में भी आज कई जगह भारी बारिश के आसार हैं। अगले चार दिनों तक यहां बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पंजाब और हरियाणा
पंजाब में आज भारी बारिश की संभावना है, 12 और 13 अगस्त को मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन 14 और 15 अगस्त को फिर से तेज बारिश का अनुमान है।

मछुआरों के लिए चेतावनी
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इन इलाकों में मछली पकड़ने की गतिविधियों को पूरी तरह रोकने की अपील की गई है।