June 26 2026 12:04 pm

'महिला आरक्षण कानून तो पहले ही बन चुका, भाजपा बोल रही झूठ', अखिलेश यादव का सरकार पर तीखा हमला

Post

India News Live,Digital Desk : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजधानी लखनऊ में भाजपा द्वारा निकाले गए महिला आरक्षण मार्च को उन्होंने महज एक 'प्रोपोगेंडा' करार दिया। अखिलेश यादव ने दोटूक कहा कि जो कानून पहले ही अस्तित्व में आ चुका है, उसे लेकर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है। उनके मुताबिक, भाजपा का असली मकसद महिलाओं का हित नहीं, बल्कि अपनी 'बदनियती' को छिपाना है।

"भाजपा की साजिश और षडयंत्र की हुई हार"

सपा मुखिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पास होकर कानून बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर यह झूठ फैला रही है कि बिल पास नहीं हुआ। अखिलेश ने कहा, "असल में भाजपा की नीयत साफ नहीं है। ये लोग आरक्षण के बहाने महिलाओं को आपस में बांटना चाहते थे, लेकिन इनका षडयंत्र हार गया है। समाजवादी पार्टी हमेशा से महिलाओं को उनका हक देने के पक्ष में रही है, लेकिन भाजपा इसे केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने का जरिया बना रही है।"

चाय पिलाने पर नौजवान की दुकान बंद, अखिलेश का तंज

बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने एक भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया, "एक नौजवान ने मुझे प्यार से चाय पिला दी, तो सरकार ने बदले की भावना से उसकी दुकान ही बंद करा दी। जो सरकार युवाओं को नया रोजगार नहीं दे पा रही, वह उनकी चलती-फिरती दुकानें छीन रही है।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा दुनिया की पहली ऐसी पार्टी है जो सत्ता में होने के बावजूद विपक्ष की तरह सड़कों पर 'प्रैक्टिस' कर रही है।

"यूपी की महिलाओं को आरक्षण नहीं, संरक्षण चाहिए"

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। सपा अध्यक्ष के अनुसार, "आज यूपी की बेटियों को आरक्षण से ज्यादा 'संरक्षण' यानी सुरक्षा की दरकार है। अपराध के आंकड़े चिल्ला-चिल्लाकर सरकार की नाकामियों की गवाही दे रहे हैं, लेकिन सरकार इसे इवेंट मैनेजमेंट से छिपाने की कोशिश कर रही है।"

PDA की ताकत से 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा

आगामी विधानसभा चुनाव और भविष्य की रणनीति पर अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का फॉर्मूला ही भाजपा के रथ को रोकेगा। उन्होंने कहा कि 30 तारीख को होने वाले विशेष सत्र में समाजवादी पार्टी मजबूती से अपना पक्ष रखेगी। कार्यक्रम के दौरान बसपा के पूर्व प्रवक्ता एमएच खान और कई अन्य दलों के दिग्गजों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की, जिसे अखिलेश ने 2027 की जीत की आहट बताया।