अजय देवगन का दिलजीत दोसांझ के विवाद पर संतुलित जवाब – कहा, "बातचीत से हल निकाला जा सकता है"
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-11 16:58:00
India News Live,Digital Desk : फिल्म सरदार जी 3 को लेकर विवादों में घिरे दिलजीत दोसांझ पर अब अजय देवगन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, इस फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की कास्टिंग पर सोशल मीडिया पर जमकर बवाल मचा। कहा जा रहा था कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद हानिया को फिल्म से बाहर किया गया, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस कारण दिलजीत दोसांझ भी ट्रोल्स के निशाने पर आ गए।
कुछ लोग दिलजीत की आलोचना कर रहे हैं, वहीं कुछ उनके समर्थन में भी उतरे हैं। इस पूरे विवाद पर जब अजय देवगन से उनकी राय पूछी गई, तो उन्होंने बड़ी ही संतुलित बात कही।
"मैं किसी को दोषी नहीं ठहराऊंगा" – अजय देवगन
अपनी आने वाली फिल्म सन ऑफ सरदार 2 के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर अजय देवगन ने दिलजीत के मामले पर कहा,
“मुझे नहीं पता कि ट्रोलिंग कहां से शुरू होती है, और कौन सही या गलत है। मैं उनकी जगह नहीं हूं, इसलिए कमेंट करना ठीक नहीं होगा। हर किसी का अपना नजरिया होता है।"
उन्होंने आगे कहा,
"जब दो पक्षों की सोच अलग होती है, तो उन्हें बैठकर बात करनी चाहिए। कोई सही या गलत ठहराना आसान नहीं है। इसलिए मैं किसी को ब्लेम नहीं करूंगा। बेहतर होगा कि दोनों पक्ष आपस में बातचीत करें और हल निकालें।”
दोनों एक्टर्स की आने वाली फिल्में
विवाद के बावजूद दिलजीत दोसांझ लगातार अपने करियर में आगे बढ़ रहे हैं। सरदार जी 3 के बाद वह जल्द ही बॉर्डर 2 में नजर आएंगे, जिसमें सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी भी होंगे। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को रिलीज होगी।
वहीं अजय देवगन की फिल्म सन ऑफ सरदार 2 इस साल 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।