दिल्ली में लगातार तीसरे दिन हवा ‘बहुत खराब’, कई क्षेत्रों में एक्यूआई 430 के पार
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-17 00:36:00
India News Live,Digital Desk : केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के शाम चार बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली की हवा रविवार को भी लगातार तीसरे दिन ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। राजधानी का औसत एक्यूआई 377 रहा, जिससे साफ है कि राहत अभी दूर है।
शहर के ज्यादातर मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा बेहद जहरीली बनी रही। शुक्रवार को निगरानी में शामिल 39 केंद्रों में से 13 ‘गंभीर’, 24 ‘बहुत खराब’ और दो ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज हुए। बवाना में प्रदूषण सबसे अधिक रहा, जहां एक्यूआई 436 तक पहुंच गया। इसके अलावा डीटीयू 435, वजीरपुर 433, विवेक विहार 424 और रोहिणी 421 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित इलाकों में रहे। हवा में मौजूद पीएम 10 और पीएम 2.5 कण ही मुख्य प्रदूषक बने हुए हैं।
देशभर में प्रदूषण के स्तर की बात करें तो बहादुरगढ़ 439 एक्यूआई के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद नोएडा 421, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा 419 पर रहे। दिल्ली 377 एक्यूआई के साथ चौथे स्थान पर बनी। वहीं स्विस प्लेटफॉर्म आईक्यू एयर के अनुसार, सुबह 10 बजे दिल्ली का एक्यूआई 493 ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया था, जो शाम चार बजे 189 ‘मध्यम’ और रात 9:30 बजे 275 ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
इसी बीच, आइआइटीएम पुणे की डीएसएस रिपोर्ट में बताया गया कि रविवार को दिल्ली में कुल प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान 14.5% रहा। परिवहन गतिविधियों से होने वाला प्रदूषण सबसे अधिक 17.3% दर्ज किया गया।
केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के अनुसार, आने वाले छह दिन भी हालात मुश्किल ही बने रहेंगे। अनुमान है कि दिल्ली की हवा ‘गंभीर’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी के बीच झूलती रहेगी। सोमवार को भी एक्यूआई 400 से ऊपर जा सकता है, क्योंकि सुबह कोहरा छाया रहेगा और हवा की रफ्तार 10 किमी प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है।