BREAKING:
August 04 2026 03:31 pm

Border 2 की सफलता के बाद 4 करोड़ की कार में सैर-सपाटा, कच्छ की खूबसूरती दिखाते नजर आए सनी देओल

Post

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। अभिनेता सनी देओल करीब ढाई साल बाद एक बार फिर सफलता के शिखर पर नजर आ रहे हैं। 23 जनवरी को रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फिल्म ने जबरदस्त कमाई की है।

फिल्म की इस बड़ी सफलता के बीच सनी देओल इन दिनों ब्रेक पर हैं और एक के बाद एक खूबसूरत जगहों की सैर कर रहे हैं। हाल ही में अभिनेता अपनी 4 करोड़ रुपये की लग्जरी स्पोर्ट्स कार में गुजरात के कच्छ घूमते नजर आए, जहां से उन्होंने फैंस को शानदार नज़ारे दिखाए।

4 करोड़ की Porsche में घूमते दिखे सनी देओल

सनी देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो स्टोरी शेयर की है, जिसमें वह ब्लैक कलर की लग्जरी Porsche 911 Turbo के साथ नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस स्पोर्ट्स कार की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अभिनेता ने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, “स्वर्ग का रास्ता, कच्छ।”

वीडियो में सनी देओल एक बेहद खूबसूरत लोकेशन पर अपनी कार रोकते दिखाई देते हैं, जहां उनके पीछे समुद्र का नजारा नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एक फैन ने इसे X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर करते हुए दावा किया कि यह कार निर्माता भूषण कुमार ने ‘बॉर्डर 2’ की सफलता पर सनी देओल को गिफ्ट की है, हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बॉक्स ऑफिस पर Border 2 का धमाका

सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ करीब 275 करोड़ रुपये के बजट में बनी है। सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 18 दिनों में इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 311.75 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया है, जबकि भारत में इसकी ग्रॉस कमाई 372.10 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

वहीं, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 426.5 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिसमें ओवरसीज मार्केट से 54.4 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। 1997 में रिलीज हुई ‘बॉर्डर’ और अब 2026 में आई ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बाद मेकर्स इसके तीसरे पार्ट की प्लानिंग में भी जुट गए हैं, हालांकि अगली फिल्म की कहानी और वॉर बैकग्राउंड को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।