मुंब्रा हादसे के बाद रेलवे का बड़ा कदम: अब सभी लोकल ट्रेनों में लगेंगे ऑटोमैटिक दरवाज़े

Post

India News Live, Digital Desk: मुंबई की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेन में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मुंब्रा स्टेशन के पास चार लोगों की जान चली गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब एक तेज़ लोकल ट्रेन ठाणे से होकर छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CSMT) की ओर जा रही थी। ट्रेन में क्षमता से कहीं ज़्यादा लोग सवार थे, कई यात्री दरवाजों से लटक रहे थे।

घटना उस वक्त हुई जब सामने से आ रही दूसरी ट्रेन की वजह से दोनों ट्रेनों के यात्रियों के बैग एक-दूसरे से टकरा गए। इससे संतुलन बिगड़ गया और कई यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। हादसे के बाद ट्रेन को दो किलोमीटर आगे जाकर रोका गया।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चार लोगों को बचाया नहीं जा सका। इस हादसे के बाद महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

रेलवे ने हादसे से सबक लेते हुए फैसला किया है कि अब मुंबई की सभी नई लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाज़े लगाए जाएंगे, जिससे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने हादसे पर दुख जताया और जांच का भरोसा दिया। एकनाथ शिंदे ने भी उच्चस्तरीय जांच समिति के गठन की बात कही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय रेल अब असुरक्षा और अव्यवस्था की मिसाल बन चुकी है। वहीं राज ठाकरे ने कहा कि मुंबई में बढ़ती प्रवासी आबादी के कारण रेलवे का ढांचा चरमरा गया है। शरद पवार ने भी बढ़ती भीड़ पर चिंता जताते हुए ट्रेनों में स्वचालित दरवाजों की मांग दोहराई।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर से लोकल ट्रेन सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।