BREAKING:
September 24 2026 12:22 am

4 साल की बच्ची का अपहरण AI की मदद से आरोपी की पहचान, रेलवे स्टेशन से दबोचा गया

Post

India News Live, Digital Desk: केरल के वायनाड जिले में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चार साल की मासूम बच्ची के अपहरण के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना 7 फरवरी को तब हुई जब बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी उसे स्कूटर पर जबरन बैठाकर ले जाया गया. कुछ दिनों बाद बच्ची को स्थानीय लोगों ने सुनसान जगह पर लावारिस हालत में पाया और पुलिस को सूचना दी. 

CCTV और AI ने बदली जांच की दिशा

पुलिस ने इलाके के कई CCTV फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी बच्ची को स्कूटर पर ले जाते हुए दिखा, लेकिन चेहरा अस्पष्ट था. इसके बाद पुलिस ने AI तकनीक की मदद से फुटेज की गुणवत्ता बढ़ाकर संदिग्ध की पहचान की और लुकआउट नोटिस जारी किया. इसी के आधार पर आरोपी को कोझिकोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया.

आरोपी की पृष्ठभूमि और पूछताछ

गिरफ्तार आरोपी चप्पली जिहास, पुथुसेरिक्कडावु निवासी है और पुलिस के अनुसार वह इलाके में चोरी की मंशा से घूमता था. प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि उसने बच्ची के गहने चोरी करने की कोशिश की थी, लेकिन बच्ची के रोने पर उसने प्रयास छोड़ दिया और उसे दूर छोड़कर भाग गया था. जिहास के खिलाफ पहले भी कई मामलों में शिकायत दर्ज है और उससे पूछताछ जारी है. 

बच्ची सुरक्षित परिजनों के पास

स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सुरक्षित परिजनों के पास लौटा दिया गया. पुलिस ने कहा है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.