US pressure on India increased : रूसी तेल खरीद पर 25% अतिरिक्त टैरिफ, बातचीत के रास्ते खुले

Post

India News Live,Digital Desk : टैरिफ को लेकर भारत और अमेरिका के बीच तनाव अपने चरम पर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया है। यह टैरिफ रूस से तेल खरीदना जारी रखने पर दंड के तौर पर लगाया गया है। अब एक बार फिर उन्होंने बड़ा बयान दिया है। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने रूस से तेल खरीदना जारी रखने पर और टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी।

दरअसल, जब ट्रंप से पूछा गया कि भारतीय अधिकारियों का कहना है कि चीन जैसे दूसरे देश भी रूसी तेल खरीद रहे हैं, तो आप इन अतिरिक्त प्रतिबंधों के लिए भारत को क्यों ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं? इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि अभी तो सिर्फ़ आठ घंटे हुए हैं। देखते हैं क्या होता है। आपको बहुत कुछ देखने को मिलेगा। आपको बहुत सारे अतिरिक्त प्रतिबंध देखने को मिलेंगे।

इसके अलावा, जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ की तरह चीन पर भी और टैरिफ लगाने की उनकी कोई योजना है? इस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ऐसा हो सकता है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि हम इसे कैसे करते हैं।

भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया है। यह टैरिफ रूस से तेल खरीदना जारी रखने पर दंड के तौर पर लगाया गया है। अतिरिक्त टैरिफ के बाद भारतीय वस्तुओं पर कुल टैरिफ 50 फीसदी हो जाएगा। हालांकि, कुछ वस्तुओं पर छूट दी गई है। ट्रंप ने अपने शुरुआती टैरिफ लागू होने से 14 घंटे पहले अतिरिक्त टैरिफ लगाने वाले कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। 30 जुलाई को ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जो 7 अगस्त यानी आज से लागू होगा। अतिरिक्त टैरिफ 21 दिन बाद यानी 27 अगस्त से लागू होगा। ट्रंप पहले भी कई बार कह चुके हैं कि भारत रूस से तेल खरीदता है और ऐसा करके वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन युद्ध भड़काने में मदद कर रहा है। एक दिन पहले ही उन्होंने 24 घंटे के अंदर भारत पर बहुत ऊंचे टैरिफ लगाने की बात भी कही थी।

बातचीत का विकल्प खुला रखा

ट्रंप ने भारत के साथ बातचीत का विकल्प भी खुला रखा है। कार्यकारी आदेश के अनुसार, अतिरिक्त शुल्क 27 अगस्त से प्रभावी होंगे, जबकि अमेरिकी टीम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए 25 अगस्त को भारत आ रही है। शुरुआती शुल्कों की घोषणा के बाद भी ट्रंप ने बातचीत का विकल्प खुला रखा था। शुरुआत में शुरुआती शुल्क 1 अगस्त से लागू होने थे, जिन्हें बढ़ाकर 7 अगस्त कर दिया गया था।

50 प्रतिशत टैरिफ एक अनुचित कदम है: भारत

भारत ने अमेरिका द्वारा कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने को अनुचित कदम बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत का ऊर्जा आयात बाज़ार के कारकों पर आधारित है। इसका उद्देश्य देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है। भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ अनुचित और अन्यायपूर्ण है। भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।