प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम से जिले को 44 करोड़ की सौगात, 21 परियोजनाएं पूरी

Post

India News Live,Digital Desk : पिछले आठ सालों में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMGKY) के तहत जिले को बड़ी सौगात मिली है। इस दौरान 44 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से 21 विकास परियोजनाओं को पूरा किया गया है। इन परियोजनाओं में पेयजल आपूर्ति, छात्रावास निर्माण, कॉमन सर्विस सेंटर, राजकीय इंटर कॉलेज और केजीबीवी की चारदीवारी जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

ये सभी योजनाएं भारत सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माध्यम से स्वीकृत प्रस्तावों पर आधारित हैं।

पीएम जन विकास कार्यक्रम का उद्देश्य

प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है कि जहां 50% से अधिक आबादी दलित या अल्पसंख्यक वर्ग की है, वहां किसी भी विभाग को निर्माण कार्य कराने में आर्थिक दिक्कत न हो। ऐसे में संबंधित विभाग प्रस्ताव तैयार कर नोडल विभाग (अल्पसंख्यक कल्याण विभाग) को भेजता है। प्रस्ताव डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी से पास होकर राज्य और फिर केंद्र सरकार को भेजा जाता है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य किया जाता है और जांच के बाद संबंधित विभाग को परियोजना हस्तांतरित की जाती है।

जिले में पूर्ण हुईं प्रमुख परियोजनाएं

चित्तौरा ब्लॉक के कई गांवों में जलापूर्ति परियोजना – 18.88 करोड़

हुजूरपुर में पेयजल आपूर्ति और केजीबीवी की चारदीवारी – 4.41 करोड़ व 17 लाख

तेजवापुर में जलापूर्ति और जीआईसी निर्माण – 6.60 करोड़

कैसरगंज में जलापूर्ति व जीजीआईसी छात्रावास – 5.65 करोड़

बलहा में छात्रावास और जलापूर्ति – 4.21 करोड़

रिसिया में कॉमन सर्विस सेंटर व केजीबीवी की चारदीवारी – 92 लाख

फखरपुर में नंदवल गांव जलापूर्ति – 3.61 करोड़

नवाबगंज में केजीबीवी की चारदीवारी – 10 लाख

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद ने बताया कि कुल 21 परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिन पर लगभग 44.5 करोड़ रुपये खर्च हुए। सभी परियोजनाओं की जांच के बाद उन्हें संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।