BREAKING:
July 26 2026 11:22 pm

व्हाट्सएप शादी निमंत्रण के बहाने सरकारी कर्मचारी से 2 लाख की ठगी

Post

India News Live,Digital Desk : महाराष्ट्र के हिंगोली ज़िले में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक सरकारी कर्मचारी को व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण भेजा गया, लेकिन यह निमंत्रण वास्तव में एक बड़ा जाल साबित हुआ। जैसे ही उसने उसमें भेजी गई फ़ाइल पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से करीब 2 लाख रुपये साफ हो गए।

कैसे हुआ पूरा मामला?

हिंगोली में रहने वाले कर्मचारी को 30 अगस्त को होने वाली शादी का निमंत्रण एक अनजान नंबर से भेजा गया। संदेश में लिखा था – “आपका स्वागत है, कृपया शादी में ज़रूर पधारें। प्यार ही वह चीज़ है जो खुशियों के द्वार खोलती है।”
इस संदेश के साथ एक पीडीएफ फाइल भी भेजी गई थी। लेकिन यह फाइल असल में एंड्रॉइड एप्लीकेशन पैकेज (APK फाइल) थी। जैसे ही उसने इसे खोला, फ़ोन हैक हो गया और उसमें मौजूद सभी जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ लग गई।

खाते से उड़ गए 1.80 लाख रुपये

फ़ाइल इंस्टॉल होते ही ठगों ने कर्मचारी के फ़ोन का पूरा डेटा एक्सेस कर लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 1.80 लाख रुपये गायब हो गए। ऐसे APK फाइल्स के ज़रिए हैकर्स यूज़र्स के फ़ोन को रिमोटली कंट्रोल कर लेते हैं और बैंकिंग जानकारी तक पहुँच जाते हैं।

पुलिस में मामला दर्ज

पीड़ित कर्मचारी ने तुरंत हिंगोली पुलिस स्टेशन और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि इस तरह के शादी निमंत्रण वाले ठगी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।

कैसे बचें ऐसी ठगी से?

किसी भी संदिग्ध लिंक या अज्ञात स्रोत से आई फाइल को कभी न खोलें।

खासकर APK फाइल्स को इंस्टॉल करने से बचें।

बैंकिंग ऐप्स और पासवर्ड हमेशा सुरक्षित रखें।

साइबर अपराध से जुड़ी जानकारी समय-समय पर अपडेट करते रहें।

यह मामला साइबर सुरक्षा के महत्व की फिर से याद दिलाता है कि जरा-सी लापरवाही से लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है।