June 19 2026 05:11 am

स्कूल जाते समय 13 साल का बच्चा लापता, चलती ट्रेन से कूदकर बचाई जान

Post

India News Live,Digital Desk : नर्मदापुरम जिले के आदिवासी विकासखंड केसला के जामुनडोल गांव में 13 साल के एक बच्चे से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बच्चे ने बताया कि स्कूल जाते समय दो बाइक सवार युवक उसे रास्ते से उठा ले गए। उसका कहना है कि युवकों ने उसे इटारसी रेलवे स्टेशन लाकर किसी ट्रेन में बैठा दिया।

बच्चे के अनुसार, ट्रेन जैसे ही धीरे हुई, वह घबराकर चलती ट्रेन से कूद गया और गिरने से उसे चोट भी लग गई। आउटर की तरफ घायल हालत में उसे अकेला घूमते देख एक राहगीर ने 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद जीआरपी पुलिस मामले में जांच करने पहुंची।

पुलिया के पास से उठाया गया—बच्चे का दावा

बच्चे ने बताया कि वह मंगलवार सुबह स्कूल जा रहा था। इसी दौरान कालाआखर पुलिया के पास दो अज्ञात युवक बैठे थे, जिन्होंने अचानक उसे पकड़ लिया। वह कहता है कि दोनों उसे जबरन बाइक पर बिठाकर इटारसी स्टेशन ले गए। उसका दावा है कि अपहरणकर्ता उसे ट्रेन के जरिए कहीं बाहर ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन मौका देखते ही उसने ट्रेन से छलांग लगा दी।

परिजन पहुंचे थाने, बच्चा सौंपा गया

जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें अस्पताल से मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम भेजी गई। चूंकि घटना क्षेत्र केसला का है, इसलिए मामला वहीं दर्ज किया जाएगा।
शाम तक बच्चे के परिजन, गांव के सरपंच दुर्गेश धुर्वे और सुमित सेलूकर जीआरपी थाने पहुँचे। बच्चे के बयान दर्ज करने के बाद उसे सुरक्षित परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस को मामले पर शक, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

थाना प्रभारी का कहना है कि घटना के कई पहलू संदिग्ध लग रहे हैं। खासतौर पर यह बात समझ से बाहर है कि अगर किसी ने अपहरण किया था, तो बच्चे को अकेले ट्रेन में क्यों बैठाया गया? अब पुलिस बच्चे के बताए समय के आधार पर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि वास्तव में हुआ क्या था।