Yash Film Toxic Postponed: 4 जून को रिलीज नहीं होगी यश की 'टॉक्सिक', दोबारा बदली रिलीज डेट
India News Live,Digital Desk : 'KGF' स्टार यश के फैंस के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आई है। कन्नड़ सुपरस्टार की मच-अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' (Toxic) की रिलीज डेट एक बार फिर आगे बढ़ा दी गई है। मेकर्स ने आधिकारिक रूप से स्पष्ट कर दिया है कि यह फिल्म अब 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक नहीं देगी। यश ने खुद सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा कर इस फैसले के पीछे की वजह बताई है।
यश ने पोस्ट साझा कर बताई वजह
यश ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो हमें याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों है। 'टॉक्सिक' का सफर भी कुछ ऐसा ही है। हाल ही में 'सिनेमाकॉन' (CinemaCon) में मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद हमें विश्वास हुआ है कि यह फिल्म दुनिया के हर कोने तक पहुंचने की हकदार है। हम इसे ग्लोबल लेवल पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके लिए हमें थोड़ा और समय चाहिए।"
यश ने आगे फैंस को सांत्वना देते हुए कहा कि फिल्म पूरी हो चुकी है, लेकिन ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और वर्ल्डवाइड रिलीज की रणनीति के कारण अब यह 4 जून को नहीं आएगी। नई रिलीज डेट की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
फैंस में दिखी नाराजगी और सपोर्ट
रिलीज डेट दोबारा टलने से यश के फैंस के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर कुछ फैंस ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बार-बार देरी होने से फिल्म का उत्साह (Excitement) कम हो रहा है। वहीं, यश के कट्टर समर्थकों का कहना है कि वे एक मास्टरपीस के लिए कितना भी इंतजार करने को तैयार हैं।
पहले भी टल चुकी है फिल्म
बता दें कि 'टॉक्सिक' की यह पहली बार रिलीज डेट नहीं बदली है। पहले इस फिल्म का मुकाबला रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2' के साथ होने वाला था। लेकिन तब मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यश ने फिल्म को पोस्टपोन कर 4 जून की तारीख चुनी थी, जो अब एक बार फिर टल गई है।
वरुण धवन और बॉबी देओल को मिलेगा फायदा
'टॉक्सिक' के हटने से बॉक्स ऑफिस पर दूसरी फिल्मों के लिए रास्ता साफ हो गया है। वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' और बॉबी देओल की 'बंदर' 5 जून को रिलीज होने वाली हैं। पहले इन फिल्मों का यश की फिल्म के साथ बड़ा क्लैश होने वाला था, लेकिन अब इन दोनों फिल्मों को सोलो रिलीज का फायदा मिल सकता है।