जब रजनीकांत का स्टाइल कॉपी करना आर माधवन को पड़ा भारी! फिल्म ऐसी पिटी कि बंद हो गया पूरा स्टूडियो
बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले आर माधवन (R Madhavan) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। हाल ही में फिल्म 'धुरंधर 2' की शानदार सफलता का स्वाद चख चुके माधवन ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक बेहद हैरान करने वाला किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि कैसे करियर के शुरुआत में उन्हें साउथ के महानायक रजनीकांत (Rajinikanth) के स्टाइल को कॉपी करने की सलाह दी गई थी, और जब उन्होंने भेड़चाल में आकर ऐसा किया, तो उन्हें अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा फेलियर (Box Office Disaster) झेलना पड़ा था।
'जब तक गांव वाले एक्सेप्ट नहीं करेंगे, आप सुपरस्टार नहीं बन सकते'
ब्रूट इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में आर माधवन ने उस दौर को याद करते हुए बताया, "शुरुआत में जो लोग मेरे पास आ रहे थे, वे मुझसे कहते थे कि तुम तब तक रजनीकांत नहीं बन सकते या साउथ के सुपरस्टार नहीं कहलाओगे, जब तक तुम बी और सी सेंटर (ग्रामीण और छोटे शहर) के दर्शकों के लिए फिल्में नहीं करोगे। उनका कहना था कि गांव वालों को तुम्हें स्वीकार करना ही होगा, तभी वे तुम्हें 'थलाइवा' कहेंगे। मुझे लगातार यही सलाह और डेटा मिल रहा था कि गांव के बैकग्राउंड वाली फिल्में बनाओ और स्क्रीन पर वैसा ही बर्ताव करो।"
कमजोर और अनपढ़ क्रिकेटर का रोल करना पड़ा भारी, बंद हो गया पूरा प्रोडक्शन हाउस
लगातार मिल रही इस सलाह के दबाव में आकर माधवन ने एक ऐसी फिल्म साइन कर ली, जो उनके अब तक के जॉनर से बिल्कुल अलग थी। माधवन ने बताया, "मैंने एक फिल्म एक्सेप्ट की, जिसमें मैं एक ऐसे गरीब आदमी का किरदार निभा रहा था जिसके पास खाने के लाले थे, जो बहुत कमजोर और अनपढ़ था, लेकिन उसका सपना एक क्रिकेटर बनने का था।"
माधवन ने आगे बताया कि यह एक्सपेरिमेंट बॉक्स ऑफिस पर इतनी बुरी तरह फ्लॉप हुआ कि फिल्म बनाने वाला पूरा स्टूडियो ही हमेशा के लिए बंद करना पड़ गया। इस तगड़े झटके ने माधवन को अंदर तक हिलाकर रख दिया था।
'ऐसा लगा जैसे मेरे चेहरे पर एक बड़ा थप्पड़ पड़ा हो'
फिल्म के इस भयंकर फेलियर पर बात करते हुए माधवन ने बेहद बेबाकी से अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने कहा, "उस फिल्म के पिटने के बाद मुझे एहसास हुआ कि मुझे दूसरों की बातों में आकर ऐसा बेवकूफ नहीं बनना चाहिए था। मुझे किसी और की कॉपी बनने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसा लगा जैसे मेरे चेहरे पर एक बहुत बड़ा थप्पड़ पड़ा हो, जिसने मेरी आंखें खोल दीं और मुझे समझ आया कि मुझे आगे क्या करना है।"
माधवन ने साफ किया कि उन्हें सलाह देने वाले लोग पूरी तरह गलत नहीं थे, बल्कि उनकी अपनी गलती यह थी कि उन्होंने उस सलाह को बिना सोचे-समझे हूबहू मान लिया। इस हादसे के बाद उन्होंने अपनी यूनीक स्टाइल में बी और सी सेंटर्स के लिए फिल्में करना शुरू किया और कामयाब रहे।
27 साल की शादी और पत्नी को धोखा न देने पर भी की खुलकर बात
इसी इंटरव्यू के दौरान माधवन ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक मजेदार खुलासा भी किया। अपनी पत्नी सरिता के साथ 27 साल के सफल वैवाहिक जीवन पर बात करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “सच कहूं तो मैं एक डरपोक मिडिल क्लास मद्रासी आदमी हूं। मेरी पत्नी के पास मेरे फोन, ईमेल और सभी अकाउंट्स का पूरा एक्सेस रहता है, इसलिए उनसे कुछ भी छिपाना नामुमकिन है। यही वजह है कि मैंने उन्हें कभी धोखा नहीं दिया।”