Weather department alert : बंगाल में अगले दो दिन और भारी बारिश
India News Live,Digital Desk : कोलकाता और आसपास के इलाकों में मंगलवार रात से हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और पांच लोगों की मौत की भी खबर है। जगह-जगह सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे रेल और मेट्रो सेवाएं बाधित हो गईं। कई घरों और कॉलोनियों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मेट्रो और रेल सेवाएं प्रभावित
कोलकाता मेट्रो रेलवे की ब्लू लाइन पर महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोवर स्टेशनों के बीच पानी भरने के कारण सेवाएं रोक दी गईं। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए शहीद खुदीराम से मैदान तक का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, हालांकि दक्षिणेश्वर से मैदान तक सीमित सेवाएं जारी हैं।
पूर्वी रेलवे के अनुसार, सियालदह दक्षिण खंड पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप है। उत्तर और मुख्य खंड पर कुछ ट्रेनें ही चल रही हैं। हावड़ा और कोलकाता टर्मिनल से आने-जाने वाली कई गाड़ियाँ प्रभावित हुईं, वहीं चितपुर यार्ड में पानी भरने से सर्कुलर रेलवे पर भी ट्रेनों को रोकना पड़ा।
उड़ानों पर असर
भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को परामर्श जारी किया है। कंपनी ने कहा है कि हवाई अड्डे से आने-जाने वाली उड़ानों में देरी हो सकती है और ट्रैफिक जाम की समस्या भी बनी रह सकती है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे एयरपोर्ट पहुँचने के लिए अतिरिक्त समय निकालें और उड़ानों की स्थिति पहले से जांच लें।
सड़कें बनीं तालाब, स्कूलों में छुट्टी
शहर की ज्यादातर सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी और जाम के कारण ऑफिस जाने वाले लोग घंटों फंसे रहे। जलभराव की स्थिति को देखते हुए कई स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार तक दक्षिण बंगाल के पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही, 25 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश का दौर और तेज हो सकता है।