June 19 2026 02:00 am

पंचायत 5 को लेकर दर्शकों की दीवानगी चरम पर, दामाद जी की वापसी और नए ट्विस्ट की उठी मांग

Post

India News Live,Digital Desk : ओटीटी की दुनिया में ‘पंचायत’ ने अपनी एक अलग पहचान बना ली है। अमेजन प्राइम वीडियो पर जब भी दर्शक लॉगइन करते हैं, तो अक्सर परिवार के साथ बैठकर इस दिल छू लेने वाली सीरीज को देखना पसंद करते हैं। अब तक इसके चार सीजन आ चुके हैं और चारों ने ही दर्शकों के दिल जीत लिए हैं। ताजा रिलीज हुए ‘पंचायत 4’ को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और इसी के बीच मेकर्स ने ‘पंचायत 5’ का ऐलान कर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

सीजन 4 में आई नई हलचल और अब क्या होगा आगे?
‘पंचायत 4’ में चुनाव जीतने के बाद क्रांति देवी फुलेरा की प्रधान बनी हैं। दूसरी ओर उप-प्रधान की कुर्सी के लिए बिनोद और माधव के बीच मुकाबला है। वहीं सांसद महोदय ने प्रह्लाद चा को विधायक चुनाव लड़ने का सुझाव दे दिया है।

सचिव अभिषेक त्रिपाठी और रिंकी की प्रेम कहानी, फुलेरा के उप-प्रधान का चुनाव और प्रह्लाद चा की राजनीतिक छलांग—इन सभी पहलुओं ने कहानी में नया रोमांच भर दिया है। लेकिन अब दर्शक दो खास किरदारों की वापसी की मांग कर रहे हैं।

फैंस की डिमांड: “दामाद जी को लाओ वापस!”
जैसे ही मेकर्स ने सोमवार को ‘पंचायत 5’ का पहला पोस्टर जारी किया, सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। मंजू देवी पहले ही एक इंटरव्यू में सीजन 5 की झलक दे चुकी थीं, और अब फैंस खुलकर कह रहे हैं कि वे ‘फुलेरा के दामाद जी’ को फिर से देखना चाहते हैं।

एक फैन ने लिखा, "प्लीज इस बार दामाद जी को जरूर वापस लाना, सीजन 4 में उनकी बहुत कमी महसूस हुई।" एक अन्य यूजर ने कहा, "दामाद जी पंचायत का तड़का हैं, बिना उनके मज़ा नहीं आता।"

सचिव, रिंकी और बम बहादुर के लिए भी बढ़ी उम्मीदें
दर्शकों का मानना है कि सचिव और रिंकी की लव स्टोरी थोड़ी कमजोर थी। कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि कहानी में विधायक की बेटी को लाकर एक प्रेम त्रिकोण बनाया जाए, जिससे रोमांच और बढ़े।

इसके अलावा फैंस ‘प्रह्लाद चा’, ‘बम बहादुर’ और ‘रिंकी’ के किरदार को और प्रमुखता देने की मांग कर रहे हैं।

दर्शकों की दिलचस्प पेशकश: “हमसे करवा लो वोटिंग!”
कुछ फैंस ने तो यहां तक सुझाव दे डाला कि जैसे फुलेरा गांव में वोटिंग होती है, वैसे ही दर्शकों के बीच से भी वोटिंग करवा लो—अगर 2025 के लिए ज्यादा वोट मिल जाएं, तो पंचायत 5 इसी साल रिलीज कर दो!

फिलहाल, सीजन 5 की शूटिंग शुरू नहीं हुई है। ऐसे में मेकर्स दर्शकों की इन भावनाओं को कितना महत्व देते हैं, यह देखने वाली बात होगी।