लखनऊ में तैयार होगा अनोखा गोमती जैव विविधता पार्क, एक साल में बनकर होगा तैयार
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-12 17:07:00
India News Live,Digital Desk : लखनऊ शहर में जल्द ही एक नया पर्यावरणीय उपहार मिलने वाला है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गोमती नदी के किनारे एक भव्य गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क विकसित करने की योजना बनाई है, जो एक साल के भीतर पूरा होगा। शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब, जिलाधिकारी विशाख जी, डीएफओ सितांशु पांडेय, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मिलकर पौधारोपण कर इस परियोजना की शुरुआत की।
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि यह पार्क सहारा ग्रुप को लीज पर दी गई 75 एकड़ ग्रीन बेल्ट ज़मीन को वापस लेकर तैयार किया जा रहा है। पहले चरण में 25 एकड़ भूमि पर 14 करोड़ रुपये की लागत से इस अनोखे जैव विविधता पार्क का निर्माण किया जाएगा।
दिल्ली के यमुना बायो-डायवर्सिटी पार्क की तर्ज पर बनने वाले इस पार्क के लिए विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की मदद ली जा रही है। दयाल पैराडाइज़ चौराहे से लेकर जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-5 तक फैले इस क्षेत्र में बाउंड्री वॉल, पार्किंग, प्रवेश द्वार, प्रशासनिक कार्यालय, पैदल मार्ग, बच्चों के खेलने का क्षेत्र और वॉच टावर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पार्क का खास उद्देश्य विलुप्त होती प्रजातियों को बचाना है। गोमती नदी के बेसिन में मिलने वाली दुर्लभ पौधों की प्रजातियों को एकत्रित कर संरक्षित किया जाएगा। इसके अलावा, एक सुंदर फलदार बाग, मेडिसिनल गार्डन और तितलियों के लिए बटरफ्लाई गार्डन भी तैयार किया जाएगा।
यह जैव विविधता पार्क न केवल लखनऊ की हरियाली बढ़ाएगा, बल्कि शहरवासियों के लिए प्रकृति के करीब आने का एक सुंदर मौका भी होगा।