सोशल मीडिया की लत से बचाएगा यह नया AI! 'डूमस्क्रॉलिंग' होगी खत्म, अब सिर्फ काम की खबरें मिलेंगी सीधे आपके फोन पर
India News Live,Digital Desk : क्या आप भी उन लोगों में से हैं जो सोशल मीडिया पर घंटों बिना वजह स्क्रॉल करते रहते हैं और बाद में थकान महसूस करते हैं? अगर हां, तो अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आपकी इस 'डूमस्क्रॉलिंग' (Doomscrolling) की आदत को छुड़ाने आ गया है। 'नोस्क्रॉल' (NoScroll) नामक एक नए स्टार्टअप ने एक ऐसा जादुई टूल पेश किया है, जो सोशल मीडिया के कचरे को साफ कर केवल आपके काम की जानकारी चुनकर देगा।
क्या है 'NoScroll' टूल और कैसे करेगा आपका समय बचाएगा?
सोशल मीडिया पर अनावश्यक कंटेंट की भरमार के बीच 'नोस्क्रॉल' एक फिल्टर की तरह काम करता है। यह एक एआई एजेंट है जो आपके लिए सोशल मीडिया और इंटरनेट से केवल वही जानकारी निकालता है जो आपके लिए जरूरी है। अब आपको अलग-अलग ऐप्स पर जाकर उंगलियां घिसने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि एआई आपके लिए खबरें चुनकर लाएगा।
कैसे काम करता है यह व्यक्तिगत न्यूज एजेंट?
इस टूल को इस्तेमाल करना बेहद सरल है। उपयोगकर्ता को बस कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होते हैं:
कनेक्ट करें: सबसे पहले अपने एआई एजेंट को एक्टिव करें और चाहें तो अपना X (ट्विटर) अकाउंट इससे लिंक कर दें।
पसंद बताएं: आप एआई को बता सकते हैं कि आपको किन विषयों (जैसे टेक, पॉलिटिक्स, स्पोर्ट्स) में रुचि है और किन चीजों से आप नफरत करते हैं।
सीधे मैसेज पर अपडेट: आपकी पसंद के आधार पर यह एआई एक शानदार समाचार सारांश तैयार करता है और आपको दिन में कई बार टेक्स्ट मैसेज (SMS) के जरिए अपडेट भेजता है।
सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, हर कोने से लाएगा जानकारी
इस एआई टूल की पहुंच केवल ट्विटर या इंस्टाग्राम तक सीमित नहीं है। यह इंटरनेट के गहरे कोनों जैसे Reddit, Hacker News, Substack और विभिन्न ब्लॉग्स से भी जानकारी जुटाता है। यहां तक कि अगर आप रिसर्च पेपर या किसी गंभीर विषय को ट्रैक करना चाहते हैं, तो यह एआई आपके लिए वह भी कर सकता है। आप खुद भी अपने पसंदीदा न्यूज सोर्स इसमें जोड़ सकते हैं।
डूमस्क्रॉलिंग और मानसिक थकान से मिलेगी मुक्ति
लगातार स्क्रॉल करने से होने वाली मानसिक थकान को कम करने के लिए ही इसे डिजाइन किया गया है। भारत में भी इस टूल का परीक्षण काफी सफल रहा है। जिन यूजर्स ने इसे अपने X अकाउंट से जोड़ा, उन्हें उनके फॉलो किए गए प्रोफाइल के आधार पर बहुत ही सटीक और गहन अपडेट मिले।
यह उन पेशेवरों और छात्रों के लिए वरदान साबित हो सकता है जो दुनिया से अपडेटेड भी रहना चाहते हैं और सोशल मीडिया की लत से भी बचना चाहते हैं।