टैक्स नहीं है, फिर भी ITR क्यों भरें? जानिए छोटे इनकम वालों के लिए बड़े फायदे
India News Live,Digital Desk : अगर आपकी सालाना कमाई 2.5 लाख रुपये से कम है, तो हो सकता है आपको लगे कि इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन हकीकत ये है कि ITR सिर्फ टैक्स भरने का जरिया नहीं, बल्कि यह आपकी वित्तीय पहचान मजबूत करने का एक अहम दस्तावेज़ है।
ITR फाइल करना भले ही आपकी आय पर टैक्स न बनता हो, फिर भी कई मायनों में फायदेमंद होता है। यह न सिर्फ आपके आर्थिक व्यवहार का प्रमाण बनता है, बल्कि भविष्य में कई सरकारी और निजी कामों में मददगार भी साबित होता है।
ITR भरने के ये फायदे जानिए:
वित्तीय साख मजबूत होती है:
बैंक से लोन लेना हो, क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करना हो या कोई फाइनेंशियल स्कीम में निवेश – हर जगह ITR आपके भरोसे को साबित करता है।
सरकारी योजनाओं में सहूलियत:
कई बार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पिछली कुछ सालों की ITR कॉपी मांगी जाती है।
वीज़ा आवेदन में मददगार:
विदेश यात्रा के लिए वीज़ा अप्लाई करते समय ITR आपके फाइनेंशियल स्टेटस का सबूत बनता है, जिससे वीजा मिलने में आसानी होती है।
बड़ी रकम के लेन-देन में सहायक:
अगर आपने ITR भरा है तो बड़ी रकम के लेनदेन में भी कोई रुकावट नहीं आती, क्योंकि आपके पास एक प्रमाणिक रिकॉर्ड होता है।
भविष्य के लिए अभ्यास:
अगर आपकी आय अभी टैक्स सीमा में नहीं आती, लेकिन भविष्य में आएगी, तो अभी से ITR फाइल करने से आप टैक्स सिस्टम से वाकिफ हो जाएंगे।
TDS रिफंड का फायदा:
अगर आपकी किसी आय पर TDS कट गया है और आपकी कुल आय टैक्स सीमा से कम है, तो ITR फाइल करके आप उसका रिफंड भी क्लेम कर सकते हैं।
ITR फाइल करने के लिए जरूरी है PAN कार्ड
अगर आपके पास PAN कार्ड नहीं है तो सबसे पहले उसके लिए आवेदन करें। ITR फाइल करने के लिए यह ज़रूरी दस्तावेज है।