'Criminal Justice 4' के छठे एपिसोड ने बढ़ाया सस्पेंस, पंकज त्रिपाठी की अदाकारी ने फिर जीता दिल
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-21 01:08:00
India News Live,Digital Desk : पंकज त्रिपाठी की जबरदस्त अदाकारी और गहराते रहस्यों के चलते 'क्रिमिनल जस्टिस' सीरीज एक बार फिर दर्शकों की पहली पसंद बन गई है। इस पॉपुलर वेब सीरीज का चौथा सीजन इन दिनों जियो सिनेमा पर स्ट्रीम हो रहा है और अब तक इसके छह एपिसोड रिलीज हो चुके हैं। गुरुवार को रिलीज हुआ छठा एपिसोड आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
इस सीजन की कहानी नर्स रोशनी सलूजा की हत्या के इर्द-गिर्द घूमती है। हर एपिसोड के साथ केस से जुड़ी परतें खुलती जा रही हैं। पहले पांच एपिसोड में दिखाया गया कि अंजु नागपाल और डॉ. राज नागपाल पर हत्या का आरोप है। अंजु ने केस के लिए एक अलग वकील लिया, जबकि पुलिस की तरफ से केस को संभालने की जिम्मेदारी अगस्त्या लेखा नाम की वकील को मिली है, जिसे श्वेता बसु प्रसाद निभा रही हैं।
पंकज त्रिपाठी एक बार फिर वकील माधव मिश्रा के किरदार में नजर आए हैं। उनका अभिनय हमेशा की तरह इस बार भी लोगों के दिलों पर छा गया है। उनका किरदार न सिर्फ न्याय के लिए लड़ता है, बल्कि दर्शकों की भावनाओं से भी जुड़ता है।
छठा एपिसोड देखकर फैंस सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि यह वही एपिसोड है जिसका इंतजार सभी को बेसब्री से था। हर गुरुवार जैसे दर्शक एक कोर्ट केस की सुनवाई का इंतजार करते हैं, वैसे ही इस शो के नए एपिसोड की प्रतीक्षा करते हैं।
अब फैंस की निगाहें अगले एपिसोड पर टिकी हैं। सातवां एपिसोड 26 जून को रिलीज होगा और इसके बाद इस सीजन का आखिरी एपिसोड 3 जुलाई को स्ट्रीम किया जाएगा। इसी फाइनल एपिसोड में यह राज खुलेगा कि रोशनी की हत्या का असली गुनहगार कौन है।