बॉलीवुड में 'हीरो' का राज! तापसी पन्नू का छलका दर्द, बोलीं- 'स्टार्स ही तय करते हैं फिल्म में कौन होगी हीरोइन'

Post

India News Live,Digital Desk : अपनी बेबाकी और दमदार अभिनय के लिए मशहूर एक्ट्रेस तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) एक बार फिर चर्चा में हैं। हालिया रिलीज फिल्म 'अस्सी' (Assi) की सफलता का स्वाद चख रहीं तापसी ने बॉलीवुड के उस काले सच से पर्दा उठाया है, जिस पर अक्सर सितारे चुप्पी साधे रहते हैं। तापसी ने खुलासा किया है कि फिल्म इंडस्ट्री में आज भी हीरो का दबदबा इतना ज्यादा है कि वही तय करते हैं कि उनके अपोजिट कौन सी एक्ट्रेस नजर आएगी।

कास्टिंग का 'खेला': आखिर क्यों फिल्मों से बाहर होती हैं एक्ट्रेस?

एक हालिया इंटरव्यू में जब तापसी से पूछा गया कि क्या उनकी बेबाकी उनके करियर के आड़े आती है, तो उन्होंने बेहद चौंकाने वाला जवाब दिया। तापसी ने कहा, "सच तो यह है कि आपको कभी सीधे तौर पर वजह नहीं बताई जाती। बस पीछे से कह दिया जाता है कि 'नहीं, मैं उनके साथ काम नहीं करना चाहता।' आपको कभी पता ही नहीं चलता कि आपको फिल्म से बाहर क्यों किया गया।" उन्होंने साफ किया कि फिल्म इंडस्ट्री में हीरो की मर्जी डायरेक्टर से भी ऊपर होती है।

"ज्यादातर मामलों में हीरो ही होता है असली 'बॉस'"

तापसी ने इंडस्ट्री की कड़वी सच्चाई बताते हुए कहा कि ज्यादातर फिल्मों में हीरो ही यह फैसला लेता है कि लीड एक्ट्रेस कौन होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "जब तक कि डायरेक्टर खुद कोई बहुत बड़ा स्टार न हो, तब तक हीरो की बात ही पत्थर की लकीर होती है। हीरो तय करता है कि उसे किसके साथ स्क्रीन शेयर करनी है और किसे फिल्म से आउट करना है।"

'डंकी' का दिया उदाहरण: राजकुमार हिरानी ने तोड़ी थी परंपरा

अपनी बात को पुख्ता करने के लिए तापसी ने शाहरुख खान स्टारर फिल्म 'डंकी' का जिक्र किया। उन्होंने बताया, "डंकी में मेरा होना कई लोगों के लिए शॉकिंग था क्योंकि मैं शाहरुख सर के साथ उस रेगुलर पेयरिंग का हिस्सा नहीं थी। लेकिन वहां राजकुमार हिरानी (राजू सर) जैसे दिग्गज डायरेक्टर थे। चूंकि डायरेक्टर को मुझ पर पूरा भरोसा था, इसलिए मैं उस फिल्म का हिस्सा बन पाई।"

फिल्म 'अस्सी' के लिए मिल रही है खूब वाहवाही

वर्कफ्रंट की बात करें तो तापसी पन्नू इन दिनों अपनी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'अस्सी' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में उनके अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है। आलोचकों का मानना है कि तापसी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे बिना किसी बड़े 'हीरो' के दम पर भी फिल्म को अपने कंधों पर खींचने की काबिलियत रखती हैं।