BREAKING:
August 05 2026 05:01 am

नीले ड्रम से मिला युवक का शव, पत्नी-बच्चे लापता, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Post

India News Live,Digital Desk : खैरथल-तिजारा के किशनगढ़ बास इलाके की आदर्श कॉलोनी में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक नीले ड्रम की छत पर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के नवदिया खांडेपुर निवासी हंसराज उर्फ सूरज के रूप में हुई है।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक की पत्नी और बच्चे घर से लापता हैं। पुलिस को आशंका है कि हंसराज की गला घोंटकर हत्या की गई और शव पर नमक डाला गया ताकि बदबू बाहर न आए।

जानकारी के अनुसार, हंसराज करीब दो महीने पहले किशनगढ़ बास की आदर्श कॉलोनी में मकान मालिक राजेश शर्मा के घर की छत पर किराए के कमरे में आकर रहने लगे थे। शनिवार तक उनके बच्चे खेलते हुए देखे गए, लेकिन उसी रात के बाद पत्नी और बच्चे अचानक गायब हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजेंद्र निर्वाण और थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि हत्या किसने और क्यों की। साथ ही, पत्नी और बच्चों के गायब होने ने इस मामले को और पेचीदा बना दिया है। पुलिस का कहना है कि पत्नी का सुराग मिलने के बाद ही हत्या की गुत्थी पूरी तरह से सुलझ सकेगी। वर्तमान में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।