BREAKING:
August 19 2026 02:48 am

क्रिकेट में सबसे बड़ी बेईमानी! फील्डर ने 'चुटकी' बजाकर अंपायर को दिया धोखा, बल्लेबाज को किया आउट, वीडियो वायरल

Post

क्रिकेट के मैदान पर बॉल टैम्परिंग और फेक फील्डिंग जैसे कई स्कैंडल आपने देखे होंगे, लेकिन अब बेईमानी का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है जिसने खेल भावना को तार-तार कर दिया है। इंग्लिश क्लब क्रिकेट के एक मैच में फील्डर ने 'फेक-एज' यानी हाथों से चुटकी बजाकर बल्लेबाज को आउट करवा दिया। इस शातिर धोखाधड़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसके बाद क्रिकेट जगत में भूचाल आ गया है और आनन-फानन में मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है।

सॉल्टबर्न क्लब के फील्डर ने 'चुटकी' बजाकर कैसे किया खेला?

यह शर्मनाक घटना नॉर्थ यॉर्कशायर और साउथ डरहम क्रिकेट लीग डिवीजन टू के एक मैच के दौरान घटी, जहां सॉल्टबर्न क्रिकेट क्लब की सेकंड इलेवन और मिडिल्सब्रो सेकंड इलेवन की टीमें आमने-सामने थीं। वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि जब गेंद बल्लेबाज के करीब से विकेटकीपर के दस्तानों में जाती है, ठीक उसी वक्त पहली स्लिप में खड़े सॉल्टबर्न के फील्डर ने अपने हाथों से तेज चुटकी बजाई। चुटकी की आवाज सुनकर अंपायर को लगा कि गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा (Edge) लिया है। पूरी टीम की जोरदार अपील के सामने अंपायर धोखा खा गए और उन्होंने बल्लेबाज को आउट करार दे दिया।

कप्तान का फूटा गुस्सा, 15 साल के बच्चों को बनाया गया शिकार!

मिडिल्सब्रो सेकंड इलेवन के कप्तान रोरी कॉटरिल ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी टीम ने इस मैच में कुल तीन बार इसी तरह की बेईमानी की और 15-16 साल के युवा बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। कॉटरिल खुद नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे, लेकिन उस वक्त वह भी इस शातिर चाल को समझ नहीं पाए। सॉल्टबर्न ने यह मैच 29 रनों से जीत लिया, लेकिन जब सोशल मीडिया पर मैच के फुटेज सामने आए, तो खिलाड़ियों और फैंस ने इस बड़ी धोखाधड़ी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

लीग मैनेजमेंट सख्त, शुरू हुई 'फुल इन्वेस्टिगेशन'

सोशल मीडिया पर बवाल मचने और अन्य मैचों के पुराने फुटेज खंगाले जाने के बाद नॉर्थ यॉर्कशायर और साउथ डरहम क्रिकेट लीग मैनेजमेंट एक्शन मोड में आ गया है। लीग कमेटी ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए पुष्टि की है कि उन्हें इस कथित फेक-एज स्कैंडल की औपचारिक शिकायत मिल चुकी है और इसकी 'फुल इन्वेस्टिगेशन' (Full Investigation) शुरू कर दी गई है। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि जब तक यह जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक आयोजकों की तरफ से कोई अन्य टिप्पणी नहीं की जाएगी।