Strictness on ragging in college campus 12 से 18 अगस्त तक मनाया जाएगा एंटी रैगिंग वीक

Post

India News Live,Digital Desk : प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में 12 अगस्त से 18 अगस्त तक 'एंटी रैगिंग वीक' मनाया जाएगा। इस दौरान छात्रों को रैगिंग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा और उन्हें एक सुरक्षित और सहयोगी माहौल देने का प्रयास किया जाएगा।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि 12 अगस्त को ‘एंटी रैगिंग डे’ के रूप में मनाया जाए और पूरे सप्ताह विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस संबंध में यूजीसी ने सभी कुलपतियों और संस्थानों के प्रमुखों को पत्र भेजकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

हालांकि रैगिंग पर पहले से प्रतिबंध है, लेकिन समय-समय पर इसकी शिकायतें सामने आती रहती हैं। इसी को देखते हुए यूजीसी ने संस्थानों को सख्ती से रैगिंग विरोधी नियमों का पालन कराने, निगरानी बढ़ाने और छात्रों में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए हैं।

एंटी रैगिंग वीक के तहत पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, स्ट्रीट प्ले, क्विज, वाद-विवाद, फोटोग्राफी जैसे कई क्रिएटिव कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया कैंपेन, वीडियो मैसेज, वर्कशॉप और एंटी रैगिंग पर आधारित फिल्में भी दिखाई जाएंगी।

संस्थानों को यह भी कहा गया है कि वे अपने छात्रों को डिजिटल पोस्टर, रील और शॉर्ट वीडियो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। इन सभी गतिविधियों की रिपोर्ट यूजीसी की वेबसाइट www.antiragging.in पर अपलोड करनी होगी।