June 19 2026 01:57 am

अजय देवगन फिर लौटे जस्सी रंधावा बनकर, कॉमेडी और एक्शन से मचाया धमाल

Post

India News Live,Digital Desk : अजय देवगन एक बार फिर अपने फैंस को हँसी और एक्शन का जबरदस्त डोज देने के लिए तैयार हैं। 'सन ऑफ सरदार' के 13 साल बाद अब ‘सन ऑफ सरदार 2’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें जस्सी रंधावा की वापसी धमाकेदार अंदाज़ में हुई है।

पहले पार्ट में पंजाब की मिट्टी में जड़ों से जुड़े जस्सी अब स्कॉटलैंड में नई ज़िंदगी बसर कर रहे हैं और वहीं से शुरू होती है एक नई कहानी, जो इस बार और भी ज्यादा मजेदार और पागलपन भरी लग रही है।

टीजर ने पहले ही मचाया था धमाल
करीब 15 दिन पहले आए टीज़र में अजय देवगन और मृणाल ठाकुर की केमिस्ट्री ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब ट्रेलर में उनके बीच का रोमांस, ड्रामा और कॉमेडी तीनों का जोरदार तड़का देखने को मिला है।

ट्रेलर में क्या खास है?
2 मिनट 56 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत होती है एक अजीबो-गरीब पोल डांस सीन से, जिसमें एक अंग्रेजी दादी बेफिक्र होकर डांस करती हैं लेकिन गिर पड़ती हैं। इसके बाद जस्सी की तीन महिलाओं से मुलाकात होती है और वहीं वो बोलते हैं – "तू पहले सिर्फ जनानी थी, अब पाकिस्तानी भी हो गई – तुम हमारे देश पर बम फोड़ते हो!"

इस संवाद पर थिएटर में सीटियां बजना तय है!

ट्रेलर में रवि किशन के साथ एक मजेदार मोड़ तब आता है जब मृणाल ठाकुर अपने दोस्त की शादी कराने के लिए अजय देवगन को पापा और खुद को बेटी बना लेती हैं। जस्सी भी रवि किशन को इम्प्रेस करने के लिए 'बॉर्डर' फिल्म की कहानी सुनाते नजर आते हैं।

सनी देओल स्टाइल वापसी?
ट्रेलर के कुछ हिस्से देखकर आपको पुरानी 'बॉर्डर' फिल्म की याद जरूर आएगी। ऐसा लगता है जैसे अजय देवगन में सनी देओल की आत्मा आ गई हो!

कब आएगी फिल्म सिनेमाघरों में?
फिल्म 25 जुलाई 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इस फिल्म में अजय और मृणाल के अलावा रवि किशन, संजय मिश्रा, दीपक डोबरियाल, चंकी पांडे, कुबरा सैत, विंदु दारा सिंह, मुकुल देव, शरत सक्सेना, अश्विनी कालसेकर, रोशनी वालिया और साहिल मेहता जैसे कलाकार नजर आएंगे।

दिलचस्प बात यह है कि पहले संजय दत्त भी इस फिल्म का हिस्सा बनने वाले थे, लेकिन UK वीजा रिजेक्ट होने के कारण वह फिल्म से बाहर हो गए।

तो तैयार हो जाइए, इस बार सरदार जी लौटे हैं डबल धमाल के साथ!