कब से चल रही है रोहित शर्मा को वनडे टीम से 'ड्रॉप' करने की प्लानिंग? शुभमन गिल को भी होना पड़ा था मजबूर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के संन्यास की अफवाहों पर भले ही बीसीसीआई (BCCI) ने विराम लगा दिया हो, लेकिन उनके और टीम मैनेजमेंट के बीच अंदरूनी खींचतान की खबरें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक हालिया रिपोर्ट में बेहद चौंकाने वाला दावा किया गया है, जिसके अनुसार रोहित शर्मा को वनडे टीम से ड्रॉप करने की योजना अभी से नहीं, बल्कि पिछले महीने हुई अफगानिस्तान सीरीज के दौरान से ही चल रही थी।
यशस्वी जायसवाल को मौका देने के लिए रोहित ने आराम से किया था मना!
रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स रोहित शर्मा के मौजूदा प्रदर्शन और स्ट्राइक रेट से खुश नहीं हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के बाद ही सिलेक्टर्स ने उन्हें टीम से बाहर करने का मन बना लिया था। बीसीसीआई के एक सूत्र ने खुलासा किया कि चेन्नई में खेले गए सीरीज के तीसरे वनडे मैच में युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को आजमाने के लिए रोहित शर्मा को आराम (Rest) करने का सुझाव दिया गया था, लेकिन 'हिटमैन' ने इससे साफ इनकार कर दिया।
कप्तान शुभमन गिल को उठाना पड़ा था बड़ा कदम
रोहित शर्मा द्वारा आराम न लेने के फैसले के बाद टीम का बैटिंग ऑर्डर संतुलित करने के लिए नए वनडे कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) को बड़ा समझौता करना पड़ा। उस मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में यशस्वी जायसवाल को ओपनिंग में जगह देने के लिए कप्तान शुभमन गिल को खुद अपने परमानेंट ओपनिंग स्लॉट को छोड़कर नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
गौतम गंभीर का टीम मैनेजमेंट रोहित के प्रदर्शन से नाखुश!
पिछले साल भारत द्वारा चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद शुभमन गिल को वनडे टीम की कमान सौंपी गई थी। तभी से हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की अगुवाई वाला टीम मैनेजमेंट रोहित के प्रदर्शन पर पैनी नजर रख रहा है। सूत्र ने बताया, "रोहित शर्मा के लिए वनडे में लय बरकरार रखना हमेशा से एक चुनौती रहने वाला था क्योंकि वे बाकी के दोनों फॉर्मेट (टी20 और टेस्ट) से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। इसके अलावा वे घरेलू क्रिकेट (Domestic Cricket) भी बहुत कम खेलते हैं। पिछले सीजन में वे विजय हजारे ट्रॉफी के सिर्फ दो मैचों में दिखे थे, जिनमें से एक मैच सिक्किम के खिलाफ था। सिलेक्टर्स ने अपनी सख्त राय रोहित को बता दी है, अब देखना होगा कि बोर्ड और रोहित इसे कैसे आगे बढ़ाते हैं।"
भले ही बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने स्पष्ट किया हो कि रोहित 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा हैं, लेकिन सिलेक्टर्स के इस कड़े रुख ने यह साफ कर दिया है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे में रोहित पर रन बनाने का भारी दबाव होगा।