RR vs CSK: गुवाहाटी में बारिश का साया, क्या रद्द होगा राजस्थान और चेन्नई का महामुकाबला? जानें लेटेस्ट वेदर अपडेट
India News Live,Digital Desk : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के तीसरे मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। आज गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से ठीक पहले इंद्रदेव ने खलल डाल दिया है। टॉस से महज आधा घंटा पहले शुरू हुई तेज बारिश ने प्रशंसकों के उत्साह पर पानी फेर दिया है। मैदान को कवर्स से ढका गया है और फिलहाल खेल शुरू होने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है।
गुवाहाटी का मौसम और बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग की मानें तो क्रिकेट प्रेमियों के लिए खबर अच्छी नहीं है। गुवाहाटी में शाम 7 बजे से ही बारिश का अनुमान जताया गया था, जो अब सच साबित हो रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रात 10 बजे के आसपास बारिश की संभावना 84 प्रतिशत तक है। ऐसे में अगर बारिश नहीं रुकी, तो अंपायरों के पास मैच रद्द करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। मैदान गीला होने के कारण टॉस में पहले ही देरी हो चुकी है।
क्या इस मैच के लिए कोई 'रिजर्व डे' है?
सोशल मीडिया पर फैंस लगातार यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या मैच रद्द होने पर कल खेल दोबारा होगा? आपको बता दें कि आईपीएल के नियमों के मुताबिक, लीग चरण के मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं होता है। रिजर्व डे की सुविधा केवल प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों के लिए सुरक्षित रखी जाती है। यदि आज का मैच बारिश की भेंट चढ़ता है, तो राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ेगा।
धोनी और ब्रेविस की कमी खलेगी, ये है संभावित प्लेइंग 11
मैच शुरू होने से पहले ही चेन्नई के खेमे में मायूसी है। दिग्गज एमएस धोनी चोट के कारण शुरुआती 6 मैचों से बाहर हो चुके हैं। वहीं, 'जूनियर एबी' के नाम से मशहूर देवाल्ड ब्रेविस भी शुरुआती कुछ मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (संभावित): ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांतवीर, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, खलील अहमद, नूर अहमद, मैट हेनरी।
(इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल चाहर)
राजस्थान रॉयल्स (संभावित): यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, एडम मिल्ने।
(इम्पैक्ट प्लेयर: तुषार देशपांडे)