वर्ल्ड कप 2027 में रोहित-विराट करेंगे 'लियोनेल मेसी' जैसा चमत्कार! मोहम्मद कैफ ने दिग्गजों की तुलना कर दिया बड़ा बयान
भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे बड़े स्तंभों, रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर चल रही संन्यास की चर्चाओं के बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने एक बेहद दिलचस्प और बड़ा बयान दिया है। कैफ ने इन दोनों भारतीय क्रिकेट दिग्गजों की तुलना अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) से की है। कैफ का मानना है कि जिस तरह मेसी अपने बेजोड़ अनुभव के दम पर अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में ले गए हैं, ठीक वैसी ही भूमिका रोहित और विराट को 2027 के वनडे विश्व कप में भारतीय टीम के लिए निभानी होगी।
फीफा वर्ल्ड कप में मेसी के जादू का दिया उदाहरण
क्रिकबज के एक शो में बातचीत करते हुए मोहम्मद कैफ ने खेल जगत में अनुभव की अहमियत को रेखांकित किया। उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का उदाहरण दिया, जहां 39 वर्षीय लियोनेल मेसी ने इंग्लैंड के खिलाफ खुद कोई गोल नहीं किया, लेकिन उनके दो जादुई असिस्ट की बदौलत अर्जेंटीना ने 2-1 से मुकाबला जीतकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। कैफ ने कहा, "अनुभव से यही मिलता है। जब आपके पास टीम में युवा खिलाड़ी होते हैं जो काम पूरा कर सकते हैं, तो अनुभवी खिलाड़ी जानते हैं कि उन्हें मैदान पर कैसे गाइड करना है और जीत के मौके कैसे बनाने हैं। जैसे मेसी अर्जेंटीना के लिए हैं, वैसे ही विराट और रोहित भारत के लिए हैं।"
साउथ अफ्रीका की पिचों पर होगी रोहित-विराट की जरूरत
साल 2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में खेला जाना है। वहां की परिस्थितियों को लेकर कैफ ने सचेत करते हुए कहा, "2027 का फेज भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा। दक्षिण अफ्रीका में परिस्थितियां पूरी तरह अलग होंगी, वहां की पिचों पर अतिरिक्त उछाल (Bouncy Pitches) होगा। ऐसे मुश्किल हालात में भारत को इन दोनों खिलाड़ियों के अनुभव की 100 परसेंट जरूरत होगी, खासकर नए कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में। हम निश्चित रूप से चाहेंगे कि वे अब से ज्यादा से ज्यादा मैच खेलें और बेहतरीन फॉर्म में रहें।"
संन्यास की अफवाहों के बीच कैफ का मिला समर्थन
मोहम्मद कैफ का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास की अफवाहों ने तूल पकड़ा था। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने रोहित को वर्ल्ड कप 2027 की योजनाओं से बाहर कर दिया है, जिसके चलते वे इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे के बाद संन्यास ले सकते हैं। हालांकि, बीसीसीआई (BCCI) सचिव देवाजीत सैकिया ने इन तमाम खबरों को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि रोहित अभी टीम की मुख्य योजनाओं का हिस्सा हैं और खेलते रहेंगे। कैफ ने भी मुहर लगाई है कि फुटबॉल हो या क्रिकेट, अनुभव की कीमत कभी कम नहीं होती।