प्रयागराज में रियल एस्टेट होगा महंगा : रिंग रोड और एक्सप्रेस-वे वाले इलाकों में बढ़ेगा सर्किल रेट
India News Live,Digital Desk : प्रयागराज जिले में लंबे समय बाद संपत्तियों के सर्किल रेट में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। इस बदलाव के लिए प्रशासन की ओर से गठित कमेटी इन दिनों सर्वे में जुटी है। राजस्व और निबंधन विभाग के अधिकारी विभिन्न इलाकों में जाकर जमीन की स्थिति और विकास कार्यों का आकलन कर रहे हैं। खास बात यह है कि अब नवविकसित इलाकों में भी सर्किल रेट बढ़ाने की सिफारिश की गई है।
इन इलाकों में गंगा एक्सप्रेस-वे, प्रयागराज रिंग रोड और प्रयागराज से सिंगरौली को जोड़ने वाला नया हाईवे शामिल हैं। इन विकास परियोजनाओं की वजह से आसपास की जमीनों की कीमतों में पहले ही इजाफा देखने को मिल रहा है। अब प्रशासन इन बदलावों को सर्किल रेट में भी शामिल करना चाहता है, जिससे सरकारी दस्तावेज़ों में भी जमीन की वास्तविक कीमत का आकलन हो सके।
रिंग रोड परियोजना जिले की पांच तहसीलों – सदर, करछना, बारा, फूलपुर और सोरांव – के कुल 137 गांवों से होकर गुजरेगी। पहले चरण में करछना, बारा और फूलपुर के 45 गांवों में करीब 60% कार्य पूरा हो चुका है। यहां जमीन की सरकारी दरें 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती हैं।
इस रिंग रोड के तहत झूंसी और नैनी के बीच गंगा नदी पर एक नया पुल भी बन रहा है। वहीं, गंगा एक्सप्रेस-वे सोरांव तहसील के 20 गांवों से गुजर रहा है, जिसके चलते इन गांवों में भी जमीन की कीमतों में बढ़ोतरी की बात कही जा रही है।
साथ ही प्रयागराज से सिंगरौली को जोड़ने वाले नए हाईवे और एयरपोर्ट रोड के आस-पास की जमीनों का भी सर्किल रेट बढ़ाया जा रहा है। खासकर करेली से कौशांबी मार्ग और एयरपोर्ट से जुड़ने वाले इलाकों में चल रहे विकास कार्यों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
पिछले तीन वर्षों से जिले में सर्किल रेट नहीं बढ़ाया गया था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। तेजी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के चलते यह कदम जरूरी हो गया है। अधिकारी जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर अंतिम प्रस्ताव शासन को सौंपेंगे।
AIG स्टांप राकेश चंद्रा ने बताया कि जिन क्षेत्रों में विकास कार्य तीव्र गति से चल रहे हैं, वहां की संपत्तियों के सरकारी मूल्य में वृद्धि की सिफारिश की जा रही है, जिससे राजस्व में इजाफा हो सके।