Rain becomes a disaster : रेलवे ट्रैक धंसा, मकान गिरे, करंट से युवक की मौत

Post

India News Live,Digital Desk : कानपुर में शुक्रवार रात हुई मूसलधार बारिश ने शहर की तस्वीर ही बदल दी। चौबेपुर क्षेत्र के मरियानी गांव के पास अंडरपास के नजदीक रेलवे ट्रैक धंस गया। इस दौरान कालिंदी एक्सप्रेस जैसे-तैसे एक बड़े हादसे से बच गई। शनिवार सुबह चालक की सतर्कता से ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर समय रहते रोक लिया गया। मौके पर रेलवे की टीम पहुंची और ट्रैक की जांच के बाद ट्रेन को धीमी गति से वहां से निकाला गया।

वहीं, शहर में अन्य जगहों पर भी बारिश का कहर देखने को मिला। बारादेवी इलाके में दो जर्जर मकान बारिश के पानी से भरकर अचानक गिर गए। इन घटनाओं में एक वृद्धा घायल हो गईं जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसके अलावा नौबस्ता के ताज नगर में बिजली के खंभे में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान केशव तिवारी के रूप में हुई है, जो संजय गांधी नगर का निवासी था।

बारिश के चलते पूरे शहर में जलभराव की स्थिति बन गई है और करीब 18 से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरने की खबरें भी आई हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।