राबड़ी देवी ने आईआरसीटीसी घोटाला केस बदलने की मांग की, अदालत ने सीबीआई से जवाब तलब किया

Post

India News Live,Digital Desk : दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की उस याचिका पर सीबीआई से जवाब मांगा है, जिसमें उन्होंने आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले को किसी दूसरे न्यायाधीश के पास ट्रांसफर करने की मांग की है। यह याचिका प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश भट्ट के सामने पेश की गई, जिन्होंने इस पर सुनवाई करते हुए सीबीआई को नोटिस जारी किया।

हालांकि, अदालत ने फिलहाल इस मामले में चल रही सुनवाई पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया। राबड़ी देवी ने सोमवार को अपने खिलाफ दर्ज सीबीआई और ईडी के मामलों को भी किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने की अर्जी दी थी। उनका कहना है कि मौजूदा अदालत में उन्हें निष्पक्ष सुनवाई नहीं मिलेगी।

राबड़ी देवी के खिलाफ कुल चार मामले चल रहे हैं—जिनमें ‘नौकरी के बदले जमीन’ और आईआरसीटीसी घोटाला शामिल है। इन सभी मामलों की सुनवाई विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने कर रहे हैं।

याचिका में कहा गया है कि राबड़ी देवी को “वास्तविक और उचित आशंका” है कि विशेष न्यायाधीश निष्पक्ष न्याय नहीं दे पाएंगे। उनके अनुसार, अब तक की कार्यवाही और आदेशों में अभियोजन पक्ष के प्रति झुकाव नजर आता है, जिस वजह से मामलों को किसी अन्य सक्षम अदालत में भेजा जाना जरूरी है।

अदालत ने इस मामले की आगे की सुनवाई 6 दिसंबर के लिए तय की है।